12 February 2021 03:37 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। विवादित भूमि को साफ सुथरा बताकर बेचने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पुरानी जेल रोड़ निवासी दीपक सोनी पुत्र प्रदीप सोनी ने जरिये कोर्ट इस्तगासे कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि ज्ञानचंद पुत्र गंगाराम सोनी ने अपनी पुत्री रवीना सोनी के साथ मिलकर डागा सेठिया मोहल्ला स्थित जमीन बेच दी। सौदा करीब साठ लाख रूपए में तय हुआ, तथा एडवांस के रूप में छ: लाख रूपए जरिये चैक भुगतान किया गया। परिवादी ने बताया है कि जब वह शहर में जमीन देख रहे थे, तब आरोपी ज्ञानचंद से उसकी मुलाकात हुई। आरोपी ने कहा कि उसके पास एक जमीन है जो उसने 1 नवंबर 1994 को खरीदी थी तथा 5 सितंबर 2019 को अपनी बेटी रवीना के नाम कर दी। अब बेटी उस जमीन को बेचना चाहती है। आरोपी ने कहा कि जमीन पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है। वहीं उसके भाई प्रेम सोनी के मकान की खिड़कियां उक्त जमीन में निकलती है, जिसे वह बंद करवा देगा। आरोपी ने पैसे ले लिए, लेकिन बाद में तारीख पर तारीख देता रहा।
परिवादी के अनुसार उसे बाद में पता चला कि उक्त जमीन पर पहले से ही दोनों भाईयों के बीच विवाद चल रहा है तथा प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि ज्ञानचंद सोनी ने सबकुछ जानते हुए जानबूझकर धोखाधड़ी के आशय से परिवादी को ठग लिया। जबकि बेचते समय आरोपी ने स्वामित्व बाबत कोई कमी ना होनी की गारंटी दी थी।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी ज्ञानचंद सोनी व उसकी पुत्री रवीना के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 477 व 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले की जांच एएसआई भानीराम को दी गई है।
उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि को लेकर ज्ञानचंद सोनी व उसके भाई प्रेमरतन सोनी के बीच पहले से मुकदमेंबाजी हो रखी है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
18 January 2022 06:21 PM