03 November 2020 01:50 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। आगोर (तलाई) की भूमि पर नगर निगम द्वारा अवैध परमिशन देने का मामला सामने आया है। मामला नयाशहर थाना क्षेत्र की लाली बाई बगीची के पास का बताया जा रहा है। स्थानीय निवासी महेश सारस्वत के अनुसार यहां 2019 में निगम ने सड़क स्वीकृत की थी। यह प्रोजक्ट एक माह बाद ही रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उस समय बताया गया कि यह आगोर की भूमि है। वहीं अब इसी भूमि के एक प्लॉट पर मोबाइल टावर लगाने की तैयारी चल रही है। पूरे प्रकरण में दो तरह के विवाद है लेकिन निगम सुनवाई नहीं कर रहा है। सारस्वत ने बताया कि जब क्षेत्र के पटवारी से पूछा गया तो उसने ज़मीन किसी मोहता के नाम से होना बताया है।
पटवारी के अनुसार यह भूमि आगोर की नहीं है। वहीं निगम ने इसी भूमि पर स्वीकृत सड़क का प्रोजक्ट एक माह बाद ही यह कहते रद्द कर दिया कि यह भूमि आगोर की है। स्थानीय निवासी यहां सड़क चाहते हैं तथा टावर के विरोध में है। मोहल्ले वासियों का कहना है कि टावर से निकलने वाली किरणें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती है। ऐसे में मोहल्ले वासियों की सेहत पर इस टावर का बुरा असर पड़ेगा। इस पूरे मामले में गड़बड़झाले का भी आरोप लग रहा है कि बिना स्थानीय निवासियों की स्वीकृति के ही टावर की परमिशन दे दी गई है। मोहल्ले वासी यहां सड़क की मांग कर रहे हैं वहीं टावर लगवाने के लिए सहमत नहीं हैं। सड़क जैसी आधारभूत सुविधा से वंचित शहरी निवासियों ने सुनवाई ना होने पर बड़ा कदम उठाने की चेतावनी दी है। वहीं टावर भी लगवाने नहीं दिया जाएगा।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
01 November 2020 08:42 PM