30 September 2023 10:40 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। सीएम अशोक गहलोत को काले झंडे दिखाने पर बीजेपी युवा मोर्चा के चार सदस्यों को गंगाशहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों के नाम भव्यदत्त भाटी, ऋषि पारीक, दाऊ सेवग व विक्रम हर्ष बताए जा रहे हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने काफिले के साथ सुजानदेसर स्थित राम झरोखा कैलाश धाम जा रहे थे। इस दौरान बोथरा चौक-1 में चारों युवकों ने गहलोत के काफिले के सामने जाकर काले झंडे दिखाए। पुलिस ने तुरंत युवकों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। अब उन्हें रविवार सुबह एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। युवकों की रिहाई के लिए देर रात भाजपाई गंगाशहर थाने भी पहुंचे मगर बात नहीं बनी। बताया जा रहा है कि भाजयुमो शहर अध्यक्ष वेद व्यास के नेतृत्व में काले झंडे दिखाए जाने थे। लेकिन वेद व्यास को उनकी टीम के साथ मुख्य बाजार में पहले ही रोक लिया गया। वेद व्यास ने पूर्व में भी गहलोत को काले झंडे दिखा रखे हैं, ऐसे में पुलिस की सुबह से ही उन पर नज़र थी। वेद व्यास तो काले झंडे दिखाने में नाकाम रहे मगर चारों युवक कामयाब हो गए।
RELATED ARTICLES
02 June 2021 06:36 PM