04 May 2021 02:43 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कहते हैं संकट की घड़ी में देश के नागरिकों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। जब नागरिक अपनी मानवीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं तब पहाड़ जैसे संकट से भी देश बाहर निकल जाता है। कोरोना काल ने ऐसे ही समर्पित नागरिकों से हमें रूबरू करवाया है। सच्चे अर्थों में यही देशभक्ति है। कोरोना राहत कोष संस्था ने शहर की सेटेलाइट अस्पताल की कोविड ईकाई को गोद लेकर ऐसा ही मानवीय उदाहरण पेश किया है। मंत्री बीडी कल्ला की प्रेरणा व महेंद्र कल्ला के नेतृत्व में कोरोना राहत कोष संस्था ने 60 बेड की कोविड ईकाई का माता-पिता की तरह जिम्मा उठा लिया है। संस्था ने यहां 10 एसी, 4 कूलर, 25 ऑक्सीजन सिलेंडर, 2 बाईपेप, 10 ऑक्सीमीटर, 10 थर्मामीटर, 60-60 चद्दर व तकिये के कवर, 300 मास्क, पीपीई किट, 30 स्टूल सहित कई जरूरी सामग्री कोविड ईकाई को दी है। आज सुबह कलेक्टर नमित मेहता, नगर निगम कमिश्नर ए एच गौरी व सीएमएचओ डॉ सुकुमार कश्यप ने अवलोकन कर व्यवस्थाओं को गति दी। इस दौरान अनिल कल्ला, अस्पताल अधीक्षक डॉ प्रवीण चतुर्वेदी, रमेश कुमार अग्रवाल व महेश जोशी ने कलेक्टर व गौरी को की गई व्यवस्थाओं से अवगत करवाया। संस्था के सदस्य रमेश कुमार अग्रवाल (कालू) ने बताया कि मंत्री बीडी कल्ला की प्रेरणा से महेंद्र कल्ला के नेतृत्व में यह सेवा कार्य चल रहा है। कोविड ईकाई में मरीजों की आवश्यकता अनुसार सारी व्यवस्थाएं की जाएगी। उनके भोजन, चाय बिस्किट आदि की व्यवस्था भी संस्था करेगी। कार्यक्रम के दौरान महेंद्र कल्ला ने कलेक्टर मेहता के समक्ष सेटेलाइट अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मांग की। वहीं अस्पताल में स्टाफ बढ़ाने व जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति बढ़ाने की मांग भी की। कलेक्टर ने प्लांट लगवाने की ओर सकारात्मक रुख अपनाया है।
कमिश्नर गौरी ने कहा कि इलाज व व्यवस्थाओं में प्रशासन कोई कमी नहीं आने देगा।
बता दें कि प्रशासन ने हाल ही में सेटेलाइट को कोविड अस्पताल में बदल दिया था। 60 बेड के इस कोविड अस्पताल में अभी 9 मरीज़ इलाज ले रहे हैं।
अग्रवाल ने बताया कि सेवा के इस सपने को साकार करने में सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। महेंद्र कल्ला के नेतृत्व व देखरेख में चल रहे इस सेवा कार्य में उपेंद्र श्रीमाली, सुरेश व्यास, हेमचंद पुरोहित, विक्की चड्ढा, अशोक धारणियां, रामदेव दैया, प्रमोद खजांची, नवरतन सिंघी, लोकेश चांडक, व्यापार मंडल के झूमर सोनी आदि का सहयोग रहा। राजीव यूथ क्लब अध्यक्ष अनिल कल्ला, रमेश अग्रवाल व संस्था सदस्यों ने कलेक्टर को गुलदस्ता भेंट किया। इस दौरान डॉ जसविंद्र गिल, डॉ सीएल सोनी, डॉ विजयलक्ष्मी व्यास, डॉ बीके तिवारी डॉ संजय खत्री आदि भी उपस्थित थे।


RELATED ARTICLES
11 September 2026 10:52 PM
27 September 2022 02:43 PM