09 October 2021 07:12 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। चुरू डीएसटी की गाड़ी ठोककर बीकानेर आए बदमाशों को देशनोक पुलिस टीम ने दबोच लिया। आरोपियों की पहचान भादला, पांचू बीकानेर निवासी 30 वर्षीय राजूराम पुत्र रामलाल जाट व चम्पासर, भोजासर जोधपुर निवासी 34 वर्षीय गणेशाराम पुत्र भैराराम जाट के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात चुरू पुलिस से बीकानेर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि चुरू डीएसटी की गाड़ी ठोककर सफेद स्विफ्ट कार नंबर आरजे 07 टीए 4559 बीकानेर की तरफ आई है, जिसमें 4-5 बदमाश हैं। बीकानेर डीएसटी को एक्टिव किया गया। पता चला कि नोखा-देशनोक होते हुए बदमाशों की कार बीछवाल की तरफ जा रही है। बीछवाल थानाधिकारी मनोज शर्मा मय जाब्ते ने नाकाबंदी लगाई। बदमाशों ने बीछवाल पुलिस की नाकाबंदी देख कार वापिस घुमा ली। डीएसटी व मनोज शर्मा मय बीछवाल पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। देशनोक पुलिस को कंट्रोल ने सूचना दी। थानाधिकारी संजय सिंह मय जाब्ते ने देशनोक में नाकाबंदी लगाई। बदमाशों ने नाकाबंदी तोड़ कार कस्बे में घुसा दी। पुलिस ने बदमाशों की कार का पीछा किया तो अचानक कार रोककर पीछे की ओर कार चलाने लगे। देखते ही देखते पीछा कर रहे पुलिस वाहन को दो बार टक्कर मारी। पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। संजय सिंह ने आत्मरक्षा में तीन हवाई फायर किए। फायर से घबराकर बदमाशों ने कार रोक ली। संजय सिंह मय टीम ने तेजी से बदमाशों को काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कार 160-170 की गति से दौड़ाई।

बताया जा रहा है कि राजू के खिलाफ नोखा सहित कई थानों में मुकदमें दर्ज है। पुलिस दोनों के मुकदमों की डिटेल निकाल रही है। फिलहाल दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
आरोपियों को दबोचने वाली संजय सिंह मय टीम में एएसआई रणजीत सिंह, कांस्टेबल श्यामसुंदर 1812, कांस्टेबल सुनील 1026 व डीआर नोपसिंह 692 शामिल थे।
RELATED ARTICLES
09 September 2026 09:27 AM
16 April 2025 04:40 PM