26 April 2021 04:01 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की चिंरजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़ी बड़ी जानकारी हम आपको दे रहे हैं। मात्र साढ़े आठ सौ रूपए में पांच लाख तक के स्वास्थ्य संबंधी वित्तीय जोखिम को उठाने वाली यह योजना प्रदेशभर में खूब पसंद की जा रही है। राजस्थान सरकार ने इस बीमा योजना में कोरोना बीमारी के खर्चे भी वहन करने का प्रावधान किया है। बीमारी के समय बीकानेर के नौ निजी अस्पतालों सहित प्रदेश के सात सौ सात निजी अस्पतालों में कहीं भी इलाज लेने पर पांच लाख तक के खर्च का भुगतान बीमा कंपनी करेगी। बीमा एजेंट्स की मानें तो इतना सस्ता स्वास्थ्य बीमा पूरे देश में अन्य कहीं नहीं मिल सकता।
इसमें कोरोना, डायलिसिस, दिल के रोगों सहित सैकड़ों बीमारियों को शामिल किया गया है।
लेकिन इस योजना का लाभ उठाने के लिए अब आपके पास केवल चार दिन शेष हैं। 30 अप्रेल के बाद इस योजना में पंजीकरण संभव नहीं हो पाएगा। लेकिन अभी यह संभव है। राजस्थान सरकार ने आमजन को लाभ पहुंचाने के लिए सभी ई-मित्रों को भी अनुमत किया हुआ है। सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच कभी भी आप इस योजना में पंजीकरण करवा पाएंगे। बीकानेर नगर निगम कमीश्नर ए एच गौरी के अनुसार इस योजना में पंजीकरण हेतु आपके पास जन आधार अथवा भामाशाह होना चाहिए। साढ़े आठ सौ रूपए बीमा शुल्क के अतिरिक्त ई मित्र किसी भी प्रकार अन्य शुल्क नहीं ले सकेगा।
जिनके पास जन आधार अथवा भामाशाह नहीं है वह जन आधार के लिए आवेदन कर उसके नंबर से पंजीकरण करवा लें। प्रक्रिया पूरी ना होने की स्थिति में भी केवल चिंरजीवी योजना में हुए पंजीकरण नंबर से भी लाभ मिल जाएगा। जन आधार का आवेदन करने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के फोटो, आधार कार्ड व मुखिया महिला की बैंक पास चाहिए। यह दोनों काम ई-मित्र से कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आजकल निजी अस्पताल में इलाज करवाते ही 20-50 हजार रूपए तुरंत लग जाते हैं। लेकिन चिंरजीवी योजना में लगाए साढ़े आठ सौ रूपए आपके परिवार के पांच लाख तक के खर्चे को बचा लेंगे। चिंरजीवी योजना में पंजीबद्ध बीकानेर के नौ अस्पतालों की सूची हम आपके साथ साझा कर रहे हैं। वहीं इस योजना में पंजीबद्ध राजस्थान के सात सौ सात निजी अस्पतालों की सूची प्राप्त करने के लिए आप ख़बरमंडी न्यूज़ के इस नंबर (9549987499) पर अपना नाम व पता लिखकर वाट्सअप करें। देखें बीकानेर के नौ अस्पतालों की सूची

RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
07 August 2020 01:44 PM