24 February 2021 11:10 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर के इंद्रा चौक क्षेत्र में शाम पांच बजे लूट की वारदात हो गई। गंगाशहर थानाधिकारी राणीदान उज्जवल मय पुलिस टीम ने मात्र एक घंटे में आरोपी को दबोचकर लूट की वारदात का पर्दाफाश कर दिया। दरअसल, बुधवार शाम पांच बजे मुस्कान जैन व उसकी माता सुंदर देवी, दोनों पाबू चौक ननिहाल जा रहे थे। इंद्रा चौक से पाबू चौक की तरफ थोड़ा आगे निकले कि पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए एक बदमाश ने मुस्कान के हाथों से बैग छीन लिया। इसके बाद आरोपी ने दोनों को धक्का देकर नीचे गिराया व फरार हो गया। सूचना मिलने पर एसपी प्रीति चंद्रा, एएसपी शैलेन्द्र सिंह इंदोलिया व सीओ पवन भदौरिया को हालात बताए गए। अधिकारियों के निर्देशन पर थानाधिकारी राणीदान उज्जवल मय कांस्टेबल हरेंद्रसिंह, कांस्टेबल राजाराम849 व कांस्टेबल राजाराम71 टीम आरोपी की तलाश में जुटी। प्रत्यक्ष दर्शियों द्वारा बताए हुलिये, कपड़े व मोटरसाइकिल के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बताया गया हुलिया सुजानदेसर रामदेव मंदिर क्षेत्र निवासी विक्रम कच्छावा पुत्र रामरतन माली को राउंड अप कर पूछताछ की गई। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में वारदात करना कबूल लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया बैग, दो एंड्रॉयड मोबाइल व पैसे बरामद कर लिए गए। पुरानी लाइन निवासी पंकज जैन की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 392 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी पर एक हत्या व तीन मारपीट के मुकदमें भी दर्ज है। उल्लेखनीय है कि गंगाशहर पुलिस ने बेहद तीव्र गति से इस वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। इससे पहले भी चोरी व लूट की वारदातों का खुलासा किया है।

RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
28 August 2023 01:01 PM