04 December 2024 05:30 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर के डॉ अभिषेक बिन्नाणी ने डॉक्टरों की टेनिस प्रतियोगिता में गुजरात को हराकर विजयश्री हासिल की है। यह जीत युगल श्रेणी में हासिल की है, जिसमें भरतपुर के डॉ कपिल जिंदल उनके जोड़ीदार थे। वर्ल्ड मेडिकल टेनिस सोसायटी की भारतीय इकाई इंडियन मेडिकल टेनिस सोसायटी द्वारा यह टूर्नामेंट 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक अहमदाबाद में आयोजित हुआ। टूर्नामेंट में भारत के सभी राज्यों से डॉक्टर पहुंचे। युगल श्रेणी में कुल 24 टीमें थीं, जिनमें अलग अलग मैच हुए। डॉ अभिषेक की जोड़ी ने एक के बाद एक कई टीमों को शिकस्त दी। फाइनल मैच गुजरात की जोड़ी से हुआ। सूरत के डॉ सुरेश अय्यर व अंकलेश्वर के डॉ निलेश देसाई की जोड़ी को शिकस्त देकर डॉ अभिषेक की जोड़ी ने टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया। बता दें कि डॉ निलेश पिछले वर्ष के टूर्नामेंट में एकल श्रेणी में विजेता रहे थे। ऐसे में यह उपलब्धि काफी बड़ी है।
अब डॉ अभिषेक व डॉ कपिल की जोड़ी को भविष्य में वर्ल्ड मेडिकल टेनिस सोसायटी द्वारा आयोजित इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भारत की तरफ से खेलने का मौका मिल सकता है। इस टूर्नामेंट में अलग अलग देशों के डॉक्टर टेनिस खेलते हैं।


RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM