27 July 2026 12:11 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। अगर आप ओवर स्पीड में वाहन चलाते हैं या नशा करके वाहन चलाते हैं तो सुधर जाइए। बीकानेर जिले की यातायात पुलिस अब सड़क दुर्घनाओं की रोकथाम हेतु विशेष एक्शन लेने के मूड में है।
बीकानेर जिले के टीआई कानाराम के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने एक ही दिन में 404 चालान काटे हैं। जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को हेलमेट ना पहनने वाले 119 वाहन चालकों के चालान काटे गए। वहीं तेज गति से वाहन चलाने वाले 112 चालकों को चालान थमाया गया।
क्षमता से अधिक सवारियां ढ़ोने वाली 24 बसों व टैक्सियों पर भी शिकंजा कसा गया। इसी तरह शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 जनों के होश ठिकाने लाए गए। इनके खिलाफ 185 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धारा-60 पुलिस अधिनियम के तहत पांच कार्रवाई की गई।
टीआई कानाराम ने बताया कि एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर कदम उठाने के लिए एसपी मृदुल कच्छावा ने स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं।
कानाराम ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों व तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। कानाराम ने अपील की है कि शराब पीकर वाहन ना चलाएं , ना ही गति तेज रखें। ऐसा पाए जाने पर तुरंत चालान किया जाएगा। बता दें कि बीकानेर में अधिकतर सड़क दुर्घटनाओं का कारण नशे में वाहन चलाना व ओवर स्पीड है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
12 March 2020 11:40 PM