07 March 2021 11:23 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। लगता है अब महिलाओं की दशा बदलने वाली है। खाजूवाला पुलिस का एक नवाचार अन्याय के खिलाफ खाकी के दरवाजे तक जाने से डरने वाली महिलाओं को संबल प्रदान करेगा। एसपी प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन में खाजूवाला थानाधिकारी रमेश सर्वटा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया। बीकानेर में पहली बार महिला आईपीएस को एसपी लगाये जाने के बाद अब थाने में महिलाओं का सम्मान भी अपने आप में इतिहास है। कार्यक्रम चर्चा में है। थानाधिकारी रमेश सर्वटा भी एक बार फिर सुर्खियों में है। सामाजिक सरोकारों से खाकी को जोड़ने वाले सर्वटा ने फिर एक नवाचार जो कर दिया है। इसके तहत रविवार शाम खाजूवाला पुलिस थाना परिसर में थानाधिकारी रमेश सर्वटा व सनराइज एकेडमी द्वारा सामाजिक क्षेत्रो में सराहनीय व उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। खाजूवाला थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कॉन्स्टेबल द्रौपदी व कमला को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने वाली बालिका कुसुम व अनीता को शिक्षण सामग्री, शॉल व साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। तो वहीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निशुल्क सिलाई कार्य करवाने वाली श्रीमती पूजा को 5 सिलाई मशीन भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। समारोह में थानाधिकारी रमेश सर्वटा ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोनाकाल में सबने मिलजुलकर एक दूसरे की मदद की। इसमें महिलाओं ने भी अपना योगदान दिया। इस मौके पर राजकीय स्कूल की प्रधानाचार्य लीना सुथार ने कहा कि इन दो बच्चियों द्वारा कोरोना काल में गरीब तबके के बच्चों को घर-घर जाकर शिक्षा देने का सराहनीय कार्य किया गया। इस दौरान बालिका कुसुम सम्मान पाकर भावुक हो गई। इस अवसर पर दोनों बालिकाओं के पिता ऑटो चालक राजकुमार व पूजा के ससुर मदनलाल को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सनराइज एकेडमी के निदेशक देवीलाल सुथार, लीना सुथार और मैनेजर सिकंदर अली सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
28 July 2026 08:23 PM
05 October 2020 04:30 PM