01 February 2021 08:26 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पीबीएम में सफाई की ठेकेदार रही कंपनी आर्मोर का एक और कारनामा सामने आया है। पहले गंदगी से पीबीएम को त्रस्त करने वाली इस कंपनी ने अब अपने सफाई कर्मियों को ही त्रस्त कर दिया है। आर्मोर का ठेका पूरा हो गया, लेकिन सफाईकर्मियों को सैलरी दिए बगैर ही ये कंपनी दिल्ली की ओर रुख कर गई। 20 जनवरी 2021 को आर्मोर का सफाई ठेका पूरा हुआ। इसके बाद 21 जनवरी से नया ठेकेदार आ गया। लेकिन सफाईकर्मियों की दो माह और बीस दिन यानी कुल अस्सी दिनों की सैलरी अब तक बकाया है। आज परेशान सफाईकर्मी इकट्ठे होकर पीबीएम अधीक्षक डॉ परमेंद्र सिरोही से मिले। सिरोही ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कंपनी से संपर्क साधा। सिरोही ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि गौरव से बात हुई है। उनको सैलरी देने के लिए पाबंद किया गया है। किसी भी ठेकेदार ने कर्मचारियों को तकलीफ़ पहुंचाई तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कंपनी ने मंगलवार तक सभी की सैलरी चुकाने का आश्वासन दिया है।
वहीं नये ठेकेदार सुनील जोशी ने कहा कि उनका ठेका 21 जनवरी से शुरू हुआ है। दस दिनों की सैलरी समय पर दे दी जाएगी। जोशी ने कहा कि आगे भी सैलरी समय पर देने की कोशिश रहेगी।
बता दें कि आर्मोर का ठेका सितंबर 2019 तक का था। बाद में नया टेंडर ना होने की वजह से तीन माह की ठेका अवधि बढ़ाई गई। फिर बीस दिनों तक यह अवधि और बढ़ाई गई। लेकिन आर्मोर ने सफाईकर्मियों की अस्सी दिवस की सैलरी ठेका पूरा होने के दस दिनों बाद भी नहीं दी। जबकि इन सफाईकर्मियों का काम हर माह मिलने वाले पारिश्रमिक से ही चल पाता है। ऐसे में इन कर्मचारियों की सैलरी रोकना असंवेदनशील भी है। अब देखना यह है कि कंपनी मंगलवार को सारी बकाया सैलरी देती है या फिर कोई नया पेंच फंसाती है।



RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
04 April 2020 02:45 PM