11 July 2024 08:34 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कहते हैं यह दुनिया उन मानवों की वजह से अभावों व समस्याओं से महफूज़ हैं जो अपने अंदर दया भाव का पोषण कर रहे हैं। ऐसे ही दयावान लोग अपने दयालुता के गुण की वजह से महामानव हो जाते हैं। सीएम मूंधड़ा फाउंडेशन को संचालित कर रहे व्यक्ति भी कुछ ऐसा ही कर रहे हैं, जिससे वह प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में करोड़ों लुटाकर पीबीएम को मजबूती प्रदान करने वाले इस फाउंडेशन ने अब बालिका शिक्षा के क्षेत्र में भी अपने खजाने खोल दिए हैं। फाउंडेशन के प्रतिनिधि द्वारिकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि फाउंडेशन ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्य सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा, केबिनेट मंत्री सुमित गोदारा व आयुक्त कॉलेज शिक्षा राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर राजकीय कन्या महाविद्यालय नापासर में वाणिज्य व विज्ञान संकाय खुलवाने की मांग की है। फाउंडेशन ने कहा है कि इस हेतु आवश्यक भवन का निर्माण फाउंडेशन करवा देगा। फाउंडेशन ने भवन निर्माण की स्वीकृति भी मांगी है।
राज्य सरकार को भेजे गए मांग पत्र में मुख्य न्यासी कन्हैयालाल मूंधड़ा ने बताया है कि राजकीय कन्या महाविद्यालय नापासर का सत्र 2023-24 शुरू हो चुका है। वर्तमान में यहां कला संकाय ही चल रहा है। नापासर जैसे बड़े क्षेत्र में यह एकमात्र कन्या महाविद्यालय है। नापासर के चार उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कला, वाणिज्य व विज्ञान, तीनों संकायों की शिक्षा दी जा रही है। इनमें छात्राओं की संख्या का बाहुल्य है। बता दें कि सीएम मूंधड़ा फाउंडेशन ने वाणिज्य व विज्ञान संकाय हेतु होने वाले भवन निर्माण का संपूर्ण खर्चा वहन करने का आश्वासन दिया है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
29 May 2020 10:58 PM