19 July 2021 02:55 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीती रात लापता हुए दोनों मासूम आखिरकार मिल गए हैं। दोपहर करीब 12:30 बजे नाल पुलिस को सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने बच्चों को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
नाल थानाधिकारी विक्रम सिंह चारण ने बताया कि बच्चे खेलते खेलते रास्ता भटककर गोचर में चले गए थे। रातभर वो गोचर व रेलवे ट्रैक की तरफ राह तलाशते रहे। सुबह होने के बाद वो हाइवे की तरफ पहुंचे, तो किसी ने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान वो भूखे प्यासे इधर उधर भटकते रहे। बच्चों को देखकर परिजनों के सांस में सांस आई। वहीं पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
बता दें कि बड़ी नाल निवासी 12 वर्षीय देवराज सिंह राठौड़ व उसके मामा का लड़का तारानगर निवासी 12 वर्षीय पराक्रम सिंह चौहान बीती रात लापता हो गए थे। सूचना पर नाल थानाधिकारी विक्रम सिंह चारण ने पुलिस टीम के साथ तलाश शुरू की। काफी तलाश पर भी बच्चे नहीं मिले। जिस पर कंट्रोल रूम की तरफ से जिला पुलिस के समस्त थानों को बच्चों की फोटो भिजवाकर तलाशी के निर्देश दिए गए। नाल पुलिस रात भर बच्चों की तलाश के प्रयास में लगी रही। सुबह से बच्चों के मिलने तक भी तलाशी अभियान जारी रहा। आखिर बच्चों के मिलने पर पुलिस को राहत मिली।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
02 August 2024 01:59 PM