30 July 2020 07:16 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जिला स्पेशल टीम ने सदर थाना स्थित तस्कर के घर में घुसकर कार्रवाई की है। डीएसटी प्रभारी एएसआई पर्वत सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी। जिस पर आरोपी की पड़ताल करते हुए आसूचना एकत्र की गई। पता चला कि आरोपी ने घर के आगे चाय की दुकान कर रखी है तथा इसी की आड़ में डोडा बेचता है। मुखबिर की सूचना की पुष्टि होने पर डीएसटी प्रभारी पर्वत सिंह मय टीम व सदर थाने की टीम ने कुचीलपुरा निवासी गिरीश कुमार शुक्ला पुत्र नारायण शुक्ला की दुकान व घर में दबिश दी। घर की तलाशी में 12 किलो डोडा-पोस्त पाया गया। पुलिस ने 52 वर्षीय गिरीश कुमार को गिरफ्तार कर माल जब्त कर लिया है। वहीं आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार गिरीश कुमार का पूर्व में कोई रिकॉर्ड नहीं है। ऐसे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि डीएसटी टीम एसपी बीकानेर प्रहलाद सिंह कृष्णियां के डायरेक्टर सुपर विजन में काम करती है। वहीं नये एसपी के बीकानेर आने के कुछ ही दिनों में यह दूसरी कार्रवाई कर दी गई है। इससे पहले प्रभारी रमेश सर्वटा ने एक कार्रवाई की थी।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM