12 March 2022 06:41 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। फर्जीवाड़े के चर्चित कांड के मुख्य आरोपी मनीष छाजेड़ व उसके मुनीम राजेंद्र ओझा को आज न्यायालय ने बीछवाल जेल भेज दिया। कोटगेट थानाधिकारी मनोज माचरा ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेजा है।
बता दें कि फर्जीवाड़े के इस बड़े मामले में आरोपी गंगाशहर निवासी मनीष छाजेड़ पुत्र जैन लूणकरण छाजेड़ तीन मुकदमों में मुख्य आरोपी हैं। उसके खिलाफ पुलिस, सीआईडी सीबी व एसओजी की कुल चार जांचों में जुर्म प्रमाणित पाए गए थे। सीआईडी सीबी ने मामले में 8100 पेज़ की जांच रिपोर्ट तैयार की। जांच एजेंसियों के अनुसार आर एस क्रेडिट सहित कई कंपनियों का सब ब्रोकर था। आर एस क्रेडिट के अलावा देश की नामी 8-9 कंपनियों के साथ भी उसने विश्वासघात करते हुए इस तरह के फर्जीवाड़े किए। हालांकि मुकदमें तो तीन ही हुए मगर जांच एजेंसियों को करीब 38 फर्जी खाते मिले। इन सभी में मनीष छाजेड़ द्वारा ट्रांजेक्शन किए गए थे। मामला केवल इनकम टैक्स चोरी का ही नहीं है, बल्कि फर्जी आधार कार्ड, फर्जी पेन कार्ड बनाकर उससे फर्जी बैंक खाते खोलने का भी है। इन्हीं के बल पर उसने फर्जी डिमेट अकाउंट खोल लिए थे। मामला मनी लॉन्ड्रिंग का भी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार अभी मुकदमा नंबर 33 में ही गिरफ्तारी हुई है। दो अन्य मुकदमों में गिरफ्तारी शेष है। ऐसे में एस ओ जी अब अन्य मुकदमों में भी जेल से प्रॉडक्शन वारंट पर आरोपी मनीष छाजेड़ को गिरफ्तार कर सकती है।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
16 April 2020 11:52 PM