28 January 2022 11:52 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर व दो हजार रूपए का ईनामी बदमाश सदर पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी हनुमान हत्था गली नंबर 4 निवासी 30 वर्षीय भूपेंद्र सिंह उर्फ भूपड़ा पुत्र ओमसिंह राजपूत को पिस्टल व कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। सदर थानाधिकारी सत्यनारायण गोदारा ने बताया कि भूपेंद्र आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ धारा 307 आईपीसी व आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 21 प्रकरण दर्ज हैं। गोदारा के अनुसार वह फायरिंग करने से चूकता ही नहीं है। 11 दिसंबर को आरोपी ने सदर थाना क्षेत्र निवासी विरेंद्र पुत्र देवीलाल के कमरे में घुसकर फायरिंग कर दी थी। परिवादी ने रिपोर्ट दी कि वे चार लोग कमरे में बैठे थे। इसी दौरान भूपेंद्र आया, गाली गलौच की और चला गया। थोड़ी देर बाद फिर आया, मोटरसाइकिल से तोड़ फोड़ की, दीवार पर फायर किया, शीशे भी तोड़ डाले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी वारदात के बाद बीकानेर से फरार हो गया। अब जब पैसे खत्म हुए तो बीकानेर लौटा। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को करणी सिंह स्टेडियम के सामने से दबोच लिया। उसके पास एक लोडेड पिस्टल मिली। एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि उसने देहरादून व दिल्ली में फरारी काटी।

उल्लेखनीय है कि दो हजार के इनामी वांटेड भूपेंद्र की तलाश के लिए पुलिस टीमों ने भरसक प्रयास किए। एसपी योगेश यादव के निर्देश पर एएसपी अमित बुडानिया आईपीएस के निर्देशन व सीओ पवन भदौरिया के डायरेक्ट सुपरविजन व थानाधिकारी सत्यनारायण गोदारा के नेतृत्व में उनि बेगराज मय पुलिस टीम ने भूपेंद्र को दबोचा। टीम में कांस्टेबल अशोक कुमार 1048, कांस्टेबल जगदीश 820 व कांस्टेबल भंवरलाल 1355 शामिल थे।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM