08 March 2022 08:53 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कहते हैं ये दुनिया उन गिने चुने लोगों की वजह से मुकम्मल है जो परिपूर्ण होने के बाद परोपकार करना याद रखते हैं। बीकानेर नगरीय क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करवाने वाली कंपनी बीकेईएसएल भी सामाजिक सरोकार के तहत ऐसे ही परोपकार के कार्य करती दिखाई दे रही है। मंगलवार को बीकानेर इलेक्ट्रीसिटी सप्लाई लिमिटेड द्वारा स्टार्क फाउंडेशन के सहयोग से उदासर स्थित अंबेडकर भवन में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब तीन सौ महिला, पुरुष व बच्चों ने लाभ प्राप्त किया। लाभार्थियों में ग्राम उदासर, सागर, रिड़मलसर पुरोहितान व पेमासर के निवासी शामिल थे। शिविर में नेत्र जांच के अलावा दवाईयां भी निशुल्क दी गई।
शिविर में कुल 280 लोगों का नामांकन हुआ। इन सभी की नेत्र जांच की गई। इनमें से 97 मरीजों को चिकित्सकों ने चश्मा लगाने की आवश्यकता बताई। इन सभी 97 मरीजों को कंपनी द्वारा निशुल्क चश्मा प्रदान किया जाएगा।
बता दें कि जांच व परामर्श शिविर में आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय के अनुभवी चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी।
बीकेईएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयंत राय चौधरी ने बताया कि शिविर में चिकित्सकों ने 13 मरीजों को मोतिया बिंद के ऑपरेशन की सलाह दी। इन सभी का निःशुल्क ऑपरेशन आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय में बीकानेर इलेक्ट्रीसिटी सप्लाई लिमिटेड के सहयोग से करवाया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि सामाजिक सरोकारों के तहत कंपनी आगे भी इस तरह के सेवा कार्य करती रहेगी। चौधरी ने कैंप को सफल बनाने के लिए मौजूद जन प्रतिनिधियों व स्टार्क फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।


RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
16 September 2020 05:41 PM