18 September 2026 10:38 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। सवा तीन साल से फरार पांच हजार के ईनामी तस्कर को नयाशहर पुलिस ने धर-दबोचा है। आरोपी की पहचान वार्ड संख्या 2, कुदसू, पांचू निवासी 41 वर्षीय पूर्णाराम उर्फ पूनम पुत्र गंगाराम विश्नोई के रूप में हुई है।
हैड कांस्टेबल कौशल्या के अनुसार 24 अप्रेल 2024 को नयाशहर थाने के तत्कालीन थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने रामपुरा की रोड़ से 84 किलो 810 ग्राम डोडा सहित एक होंडा सिटी पकड़ी थी। आरोपी फरार हो गये। मुकदमा दर्ज कर कोटगेट थानाधिकारी को जांच दी गई।
इसी मामले में अलग अलग समय में खारा, पांचू निवासी सुनील पुत्र प्रहलाद राम विश्नोई व सुनील पुर चैनाराम को गिरफ्तार किया गया। वहीं पूर्णाराम तब से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने बार बार उसके घर सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दी मगर वो नहीं मिला। हैड कांस्टेबल के अनुसार एसपी ने आरोपी पर पांच हजार का ईनाम घोषित कर रखा था।
अब एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ व सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में एएसआई अजय कुमार मय टीम ने आरोपी को धरदबोचा। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में हैड कांस्टेबल कौशल्या 95, कांस्टेबल प्रदीप कुमार 1565 व कांस्टेबल भवानी सिंह 2018 शामिल थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक ड्राईवर है। वह तब से ही पुलिस से छिपता फिर रहा था। वह फरारी के दौरान भी ट्रक चला रहा था। आरोपी ने फरारी का समय गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, नीमच व महाराष्ट्र आदि स्थानों में काटी है।
RELATED ARTICLES