13 July 2020 10:56 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जिला पुलिस के नये कप्तान प्रहलाद सिंह का असर बीकानेर में दिखने लगा है। आज शाम सेरूणा थाना क्षेत्र से नाकाबंदी तोड़ भागे हरियाणा से आए हथियारबंद युवकों को जेएनवीसी पुलिस ने कुछ ही समय बाद दबोच लिया है। आज श्रीडूंगरगढ़ से सैरूणा के बीच वर्ना कार में सवार इन युवकों ने अन्य कार में सवार महिला से अभद्रता की, जिसकी शिकायत सैरूणा थाने को मिली। जिले के नये कप्तान प्रहलाद सिंह कृष्णियां के स्पष्ट निर्देश है कि रोड़ पर किसी भी प्रकार का न्यूसेंस माफ नहीं किया जाए। इन्हीं निर्देशों की पालना में सैरूणा पुलिस द्वारा तुरंत नाकाबंदी की गई, लेकिन ये हरियाणवी युवक नाकाबंदी तोड़कर फरार हो गए। जिस पर जेएनवीसी को कप्तान की ओर से निर्देश मिले। थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने नाकाबंदी पर अलर्ट जारी किया। जिसके बाद अभी हल्दीराम प्याऊ के चार नंबर नाके पर आरोपियों को दबोच लिया गया। चारण ने बताया कि आरोपियों से एक रिवॉल्वर मय कारतूस, वर्ना कार जब्त की गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ सैरूणा थाने में धारा 353 व 336 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं युवकों ने हथियार लाइसेंसशुदा बताए हैं। लेकिन इसकी भी जांच की जाएगी। बताया जा रहा है कि ये युवक हरियाणा से बीकानेर आए ही थे। ये यहां क्यों आए तथा इनका क्या रिकॉर्ड है इसकी जांच की जा रही है।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
18 November 2021 03:53 PM