29 January 2021 07:16 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। दिल्ली में हुए ब्लास्ट से सनसनी फैल गई। ब्लास्ट दिल्ली में इजरायली दूतावास के बाहर शाम करीब 5 बजकर 5 मिनट पर हुआ। इस धमाके में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। घटनास्थल पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पहुंची। बता दें कि इजरायली दूतावास एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित है।
घटना के बाद एन आई ए सहित विभिन्न जांच एजेंसियां व बम और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि इजरायली दूतावास के 150 मीटर की दूरी पर गाड़ियां खड़ी थीं और यहीं पर धमाका हुआ है। शाम के करीब 5 बजकर 5 मिनट पर संभवत: आईईडी ब्लास्ट हुआ। प्राथमिक जांच में बोतल में बम छुपा कर रखने की आशंका व्यक्त हुई है।
दिल्ली पुलिस ने कहा, ''5 एपीजे अब्दुल कलाम रोड के नजदीक जिंदल हाउस के पास आईईडी रखा गया था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और ना ही संपत्ति का नुकसान हुआ है। पास में खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे टूटे, शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि इसके पीछे शरारती तत्वों का हाथ हो सकता है।
घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर राजपथ पर 'बीटिंग रिट्रीट' कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सहित कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे।यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से काफी अहम है। ब्लास्ट के बाद पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी गई है। इजरायली दूतावास ने फिलहाल ब्लास्ट की खबरों पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है।बता दें कि साल 2012 में भी इजरायली दूतावास के नजदीक धमाका हुआ था।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
25 September 2020 12:54 AM