18 February 2026 10:17 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नशा और सहनशक्ति का अभाव समाज की विकराल समस्या बन रहा है। इन दोनों कारणों से समाज में अपराध बढ़ रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा बाजार में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। ज्योति ट्रेडिंग नाम की दुकान में एक सिरफिरे द्वारा तेजाब फेंका गया है। घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।
ओमप्रकाश छंगाणी नाम के व्यक्ति ने ज्योति ट्रेडिंग के अंदर घुसकर तेजाब फेंका। तेजाब फ्रिज, फर्श और दुकान मालिक प्रदीप सुराणा पर गिरा। प्रदीप के पैरों पर छींटे गिरे बताते हैं। गनीमत रही कि तेजाब चेहरे और शरीर पर नहीं गिरा।
अब तक की जांच में ये आया सामने: कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल ने बताया कि आरोपी ओमप्रकाश छंगाणी ज्योति ट्रेडिंग के पास वाली दुकान पर आता है। पानी के छिड़काव की बात को लेकर कहासुनी हो रखी थी। इसी से नाराज़ ओमप्रकाश बुधवार दोपहर कहीं से तेजाब की बोतल लेकर आया और दुकान में तेजाब फेंका। यह सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी से उनका कोई संबंध नहीं है, ना ही वह पड़ोसी है। आरोपी पास वाली दुकान पर आता रहता है। बताया जा रहा है कि आरोपी पानी का छिड़काव करता था। इससे दुकान के आगे कीचड़ होता। इसी को लेकर प्रदीप सुराणा ने आपत्ति की थी। दो बार मौखिक विवाद हो चुका था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
13 September 2021 09:00 PM