06 March 2020 05:29 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर के युवक के पास पाकिस्तानी नंबरों से कॉल आने का मामला सामने आया है। उपनगर गंगाशहर निवासी राजेश बुच्चा के पास यह कॉल आया। कॉल करने वाले ने वाट्सअप पर कॉल किया और अपने आप को एयरटेल कंपनी का कर्मचारी बताया। कॉलर ने बुच्चा को बधाई देते हुए कहा कि उनको पच्चीस लाख रुपए की लॉटरी लगी है। बताया गया कि उनका नंबर लक्की ड्रॉ के माध्यम से सलेक्ट हुआ है। लेकिन बुच्चा को सारी कथा समझते देर न लगी और वह झांसे में नहीं आए। बता दें कि इस तरह के ठगी गिरोह लंबे समय से देशभर में सक्रिय हैं, जो केबीसी और एयरटेल आदि बड़ी कंपनियों के नाम से लोगों को जाल में फंसाते हैं। इस तरह पच्चीस लाख की जगह कई तरह के टैक्स के नाम पर ठगी कर लेते हैं। बुच्चा जैसे सभी यह बात समझ नहीं पाते और हर रोज बड़ी संख्या में ठगी का शिकार हो जाते हैं। लेकिन आमतौर पर पाकिस्तानी नंबरों से आने वाले कॉल व इस कॉल में बड़ा अंतर सामने आया है जिससे संदेह पैदा हो रहा है। बुच्चा के अनुसार कॉलर की शब्दावली में उर्दू व हिंदी मिक्स हो रही थी। लेकिन इससे पहले पाकिस्तानी नंबरों से आने वाले कॉल में कॉलर की आवाज़ में हिन्दी की भारतीय टोन ही सुनी गई है। ऐसे में संदेह इस बात का बढ़ गया है कि कहीं यह कॉल सिर्फ पाकिस्तानी नंबरों से नहीं बल्कि पाकिस्तान से तो नहीं।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
04 October 2020 06:13 PM