19 September 2025 01:51 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। ज़मीन जायदाद के लालच में इंसान कब जानवर बन जाता है और कब खून के रिश्तों का खून कर देता है, यह कोई नहीं सोच सकता है। ऐसी ही हत्या की एक वारदात श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के धीरदेसर चोटियान गांव में हुई है। यहां एक पूर्व सरपंच की हत्या उसके ही भतीजे ने कर दी है। मृतक की पहचान 70 वर्षीय मेघाराम चोटिया के रूप में हुई है। प्रथमदृष्टया पुलिस का शक सरपंच के भतीजे बलवीर चोटिया पर है।
पुलिस के अनुसार मेघाराम 2005 से 2010 के बीच में सरपंच था। पता चला है कि तभी से एक दुकान को लेकर सरपंच व उसके भाई के परिवार में विवाद चल रहा था। एक साल पहले भी सरपंच के भतीजों ने घर में घुसकर सरपंच के साथ मारपीट व पैसों की लूट की बताते हैं।
वहीं बीती रात भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। झगड़ा शांत होने के बाद सरपंच व उसकी पत्नी रामी देवी सो गये। सरपंच घर के बाहर चौकी पर चारपाई लगाकर सोया हुआ था। जबकि उसकी पत्नी अंदर कमरे में सोई थी।
सुबह 6 बजे रामी देवी उठी तो पति मेघाराम मृत मिला। उसका सिर खून से लथपथ था।अनुमान है कि आधी रात के बाद हत्यारे ने पूर्व सरपंच पर हमला किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुल्हाड़ी से मेघाराम के सिर पर वार किया। जिस तरह से किसी को रातभर पता नहीं चला उससे अनुमान है कि हत्यारे ने एक झटके में ही मेघाराम को मार डाला हो।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में दो जनों को राउंड अप कर रखा है। वहीं बलवीर फरार बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
19 April 2024 03:36 PM