06 June 2021 01:02 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। राजस्थान में वैक्सीन की किल्लत ने 18+ के वैक्सीनेशन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात यह है कि पिछले 8 दिनों में केवल शुक्रवार को ही कुछ लोगों को वैक्सीन लग पाई। बीकानेर की बात करें तो 29 मई से स्लॉट बुकिंग बंद हुई थी। इस बीच राज्य सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को 1000 डोज लगाई गई। ये बची हुई वैक्सीन थी। दरअसल, सरकार ने सभी जिलों को 18+ के लिए बची हुई वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि सीरम इंस्टीट्यूट व भारत बायोटेक से वैक्सीन सप्लाई रुकी हुई है। ऐसे में कोविशील्ड व कोवैक्सीन की उपलब्धता नहीं है। सूत्रों के मुताबिक 9 जून को वैक्सीन की खेप प्रदेश सरकार को मिल सकती है। अगर 9 को खेप मिली तो बीकानेर को 9 की देर रात तक वैक्सीन मिलेगी। ऐसे में 10 जून को 18+ का वैक्सीनेशन होने की संभावना है। अगर वैक्सीन समय पर उपलब्ध नहीं होती है तो मामला 10 से टलकर 11-12 तक भी जा सकता है।
अगर 10 से वैक्सीनेशन शुरू होता है, तो 11 दिनों बाद राहत मिलेगी। हालांकि प्रदेश सरकार ने 18+ के लिए वैक्सीन की अनुपलब्धता के बीच 45+ के वैक्सीनेशन को गति देने के निर्देश भी दे दिए थे। 45+ की सभी वैक्सीन जल्द से जल्द उपयोग लेने का लक्ष्य रखा गया था।
बता दें कि 18+ उम्र वर्ग में अधिकतर लोगों का वैक्सीनेशन नहीं हो पाया है। हालांकि विभागीय कैंपों की वजह अधिकतर फ्रंट लाइनर्स को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। ऐसे में अब गैर फ्रंटलाइनर्स के वैक्सीनेशन का बड़ा लक्ष्य सामने है।
अगर वैक्सीन की आपूर्ति बराबर रही तो पहली डोज का वैक्सीनेशन जल्द ही गति बढ़ा लेगा। इसका एक कारण कोविशील्ड की दूसरी डोज का समय भी है। नियमों में बदलाव के बाद अब कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 से 112 दिनों में लगनी है। ऐसे में पहली डोज के साथ दूसरी डोज भार नहीं बनेगी। हालांकि शुरुआती दौर में कोविशील्ड वैक्सीन लगाने वालों को दूसरी डोज भी लग रही है। वहीं 28 से 45 के बीच लगने वाली कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाने लोग सेंटरों पर पहुंच रहे हैं। मगर किल्लत की वजह से दूसरी डोज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
01 May 2020 08:22 PM