10 November 2020 11:41 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। तलवार, बर्छी, सरियों से जानलेवा हमला व फायर करने के मामले में नापासर पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय हरिराम पुत्र श्रवणराम जाट निवासी तेजरासर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार इस मामले में यह पहला आरोपी गिरफ्तार हुआ है, वहीं अन्य की तलाश जारी है। मामला 12 जून 2020 का बताया जा रहा है। जब हीराराम पुत्र भींयाराम जाट निवासी तेजरासर गांव के गट्टे पर बैठा था। इसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे काले शीशे लगी सफ़ेद रंग की कैंपर गाड़ी में आए बदमाशों ने हीराराम पर हमला बोल दिया। घायल को कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। घटना के तीसरे दिन होश में आने पर पीड़ित ने पुलिस को पर्चा बयान दिया था। पीड़ित ने कैंपर गाड़ी में सवार होकर आने वाले हथियार धारी बदमाशों के नाम बताएं। पीड़ित के अनुसार इस दौरान गोपाल जाखड़ ड्राईवर के पास वाली सीट पर बैठा था तथा उसके हाथ में तलवार थी।

वहीं हरिराम पुत्र श्रवणराम के साथ में बर्छी व शेरेरा निवासी सीताराम पुत्र कानाराम के हाथ में लोहे का पाइप था। इसके अतिरिक्त तीन अज्ञात बदमाश भी थे, जिनके हाथ में पिस्तौल थी, वे फायर किए जा रहे थे। पर्चा बयान के अनुसार गोपाल जाखड़ ने गाड़ी से उतरते ही पीड़ित के बायें पैर के घुटने के नीचे तलवार से वार किया। वहीं हरिराम ने दाहिने पैर पर बर्छी से वार किया। सीताराम ने सरिये से सर पर वार किया लेकिन पीड़ित ने हाथ बीच में दे दिया, जिससे उसके हाथ पर चोट लगी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घायल हुए हीराराम को डंडों व लातों से भी पीटा। घटना में हीराराम के गंभीर चोटें व फ्रैक्चर आए। मामले की जांच करते हुए एएसआई जगदेव सिंह ने पहली सफलता हासिल की है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
23 November 2020 01:08 PM