19 July 2021 05:05 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पीबीएम के एक और नर्सिंग प्रभारी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। डी वार्ड आईसीयू के नर्सिंग इंचार्ज अशोक कुमार ने आज सुबह आठ बजे अपनी ब्लैक कलर की डिस्कवर-एम डी वार्ड के पीछे खड़ी की थी। वापिस 12 बजे संभाला तो मोटरसाइकिल गायब थी। आरजे 17 एस के 8002 नंबर की इस बाइक का हैंडल लॉक भी लगा था। यहां अन्य स्टाफ की बाइकें भी खड़ी थी मगर चोरों ने इंचार्ज की बाइक ही उठायी। पिछले सप्ताह के गुरूवार को भी पोस्ट कोविड आईसीयू के आगे से एक नर्सिंग प्रभारी की बाइक इसी समय चोरी हो गई थी। उससे पहले बुधवार को एक कंप्यूटर ऑपरेटर व मंगलवार को दो अन्य लोगों की बाइक भी चोरी हुई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सभी बाइक दिनदहाड़े सुबह 10 बजे 1-2 बजे के बीच ही चोरी हुई। दूसरी चौंकाने वाली बात यह भी है कि इनमें से दो नर्सिंग प्रभारी तो कोविड वार्डों से जुड़े हैं।
आज की चोरी की सूचना पीबीएम चौकी को दी गई, हालांकि लिखित सूचना शाम को सदर थाने में दी जाएगी। अशोक कुमार ने करीब 3 घंटे तक बाइक की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली।
पीबीएम में हो रही इन चोरियों से स्टाफ सहित आमजन भयभीत है। बेखौफ वारदातें कर रहे चोरों को दबोचना अब पुलिस की प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। गुरुवार को ख़बरमंडी में लगी ख़बर के बाद जिला पुलिस हरकत में आई। सूत्रों के मुताबिक एसपी ने डीएसटी को एक्टिव भी किया, मगर अब तक बात नहीं बनीं। हद तो यह हो गई कि एक और चोरी दिनदहाड़े हो गई। हालांकि पीबीएम में गार्ड है, पीबीएम चौकी भी है मगर चोरों पर लगाम लगाने में दोनों ही नाकाम हैं।
उल्लेखनीय है कि चोरी हुए अधिकतर दुपहिया वाहन कभी मिलते ही नहीं है। छोटी दिखने वाली इन वारदातों से हर साल सैंकड़ों लोगों को 50-60 हजार की चपत लग जाती है। वजह, वाहन चोरी होते ही नया वाहन खरीदना पड़ जाता है।
बता दें कि पीबीएम चोरों के लिए अपेक्षाकृत अनुकूल रहता है। वजह, यहां किसी भी प्रवेश-निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे। अंदर भी जनाना, कैजुअल्टी व पीबीएम अधीक्षक कार्यालय को छोड़कर कहीं भी कैमरे नहीं लगे। दूसरी ओर पीबीएम चौकी का अधिकतर भार भी दो पुलिसकर्मियों पर ही है, ऐसे में अधिक परिणामों की उम्मीद ही बेमानी हो गया है।
सवाल यह है कि कब चोरों में पुलिस का भय पैदा होगा? आखिर कब पीबीएम में वाहन खड़ा करना सुरक्षित बन पाएगा।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
15 November 2022 07:11 PM