17 November 2021 11:52 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कहते हैं प्रशासन और सत्ता अगर इच्छाशक्ति रखे तो किसी भी शहर में आवश्यक सुविधाओं का अभाव नहीं रह सकता। चिकित्सा सुविधा में महत्वपूर्ण माने जाने वाले बीकानेर में अब बहुत जल्द किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो जाएगी। कलेक्टर नमित मेहता की इच्छाशक्ति व प्रयास की बदौलत यह सब संभव होने जा रहा है। राजधानी जयपुर के बाद बीकानेर ऐसा दूसरा जिला बनेगा, जहां किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा होगी।
प्रारंभिक प्रक्रिया में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबंध पीबीएम अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा का सेटअप तैयार होगा। इसके लिए राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉरपोरेशन फाउंडेशन यानी आरईसी द्वारा सीएसआर फंड के तहत पांच करोड़ नौ लाख रूपए का वित्तीय सहयोग दिया जाएगा। यह फंड मेडिकल कॉलेज के यूरो साइंस सेंटर के अपग्रेडेशन के लिए दिया जा रहा है। आरईसी ने फंड की स्वीकृति जारी कर दी है। शीघ्र ही पीबीएम की राजस्थान मेडिकल रिलीफ सोसायटी और आर ईसी फाउंडेशन के बीच एम ओ यू पर हस्ताक्षर होंगे। इसके बाद अपग्रेडेशन का कार्य शुरू होगा। बताया जा रहा है कि ऊर्जा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संजय मल्होत्रा की इस स्वीकृति में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ मुकेश आर्य ने बताया कि अपग्रेडेशन के तहत मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही अन्य मेडिकल उपकरणों की खरीद भी की जाएगी। इससे मरीजों को अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
ट्रांसप्लांट का समूचा सेट अप विकसित होने के बाद अस्पताल प्रशासन राजस्थान सरकार को किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू करने हेतु आवेदन करेगा। राज्य सरकार से स्वीकृति मिलते ही ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में 33 जिलों के राज्य में एकमात्र जयपुर में ही किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा है। पीबीएम बीकानेर संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां बीकानेर संभाग सहित आसपास के अन्य जिलों व हरियाणा, पंजाब के मरीज भी इलाज लेने आते हैं। ऐसे में बीकानेर में यह सुविधा शुरू होने से बीकानेर संभाग व प्रदेश सहित तीन राज्यों को लाभ होगा।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
23 February 2023 10:38 PM