06 May 2022 03:46 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नयाशहर थाने के एक पुलिसकर्मी पर पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर पांच सौ रूपए की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। मामला आज सुबह का बताया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार उसके पुत्र की नगर निगम में नौकरी लगने वाली है। इसी संबंध में नयाशहर पुलिस के पास युवक के वेरिफिकेशन की फाइल आई थी। युवक थाने गया तो पहले उससे मूल निवासी मंगवाया गया। बाद में मूलनिवासी में कमियां बताई जाने लगी। इस पर युवक ने कहा कि वेरिफिकेशन तो आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं, यह देखकर किया जाता है। आरोप है कि इस पर पुलिसकर्मी ने पांच सौ रूपयों की मांग की। युवक ने मना किया तो कहा गया कि डेढ़ माह तक चक्कर काटने होंगे, तब काम होगा।
युवक ने अपने पिता से इसकी शिकायत की। पिता कुछ लोगों के साथ थाने गया। हंगामा होता देख पुलिसकर्मी सकते में आ गए। परिवादी के अनुसार सब इंस्पेक्टर चंद्रजीत सिंह तक बात गई तो उन्होंने 20 मिनट में वेरिफिकेशन करवाने का आश्वासन दिया। पीड़ित पक्ष पर दबाव डलवाकर मामला शांत करवाया गया।
हालांकि पीड़ित पक्ष ने दबाव के चलते ख़बर ना छापने का आग्रह भी किया। इसी वजह से पीड़ित पक्ष का नाम भी उजागर नहीं किया जा रहा है। आरोपों से संबंधित रिकॉर्डिंग्स ख़बरमंडी न्यूज़ के पास सुरक्षित है। अब देखना यह है कि पुलिस मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करती है या नहीं।
RELATED ARTICLES
20 June 2026 09:32 PM