10 July 2021 11:44 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। राजस्थान में लॉकडाउन 4.0 की गाइडलाइन जारी होने के साथ ही वीकेंड कर्फ्यू समाप्त हो गया है। वहीं नाइट कर्फ्यू अब रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ही रहेगा। करीब सवा साल बाद प्रदेश में सिनेमा हॉल खुलने जा रहे हैं। हालांकि नई गाइडलाइन में वैक्सीन की पहली डोज को बढ़ावा देते हुए छूटें बढ़ाई गई है। जिन सिनेमा हॉल्स, थियेटर व मल्टिप्लेक्स ने सरकार के वेब पोर्टल पर बैठक व्यवस्था की सूचना दे दी है उन्हें सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक क्षमता के पचास प्रतिशत तक अनुमत किया गया है। अनुमति केवल उन्हीं दर्शकों को रहेगी जिन्होंने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली हो। प्रदेश के समस्त कौशल प्रशिक्षण केन्द्रों, ऑडिटोरियम एवं प्रदर्शनी स्थलों, आउटडोर स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम को भी पहली डोज की शर्त पर पचास प्रतिशत ज्ञमता के साथ अनुमति दी गई है। जिन प्रतिष्ठानों के साठ प्रतिशत कार्मिक वैक्सीनेट हो चुके हैं उन्हें शाम चार से आठ बजे तक की अतिरिक्त अनुमति दी गई है। इसी शर्त पर रेस्टोरेंट्स को रात दस बजे तक अनुमत किया गया है। होम डिलीवरी के लिए रेस्टोरेंट्स को 24 घंटे छूट रहेगी। मैरिज हॉल्स, मैरिज गार्डन आदि को भी रात आठ बजे तक अनुमत कर दिया गया है। वहीं वैवाहिक आयोजनों में उपखंड अधिकारी अपने क्षेत्र की स्थिति के अनुसार पचास मेहमान अनुमत कर सकते हैं। सामान्य अनुमति पच्चीस मेहमानों की है, इसके अतिरिक्त बैंड बाजा, कैटरर आदि मिलाकर 15 लोगों की अतिरिक्त अनुमति भी है। इसके अतिरिक्त राज्य से बाहर से आने वाले यात्रियों को पहली डोज लगी होने पर कोविड जांच रिपोर्ट की जरूरत नहीं होगी।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
28 September 2020 09:41 PM