08 June 2020 04:38 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। ये शरीर से जल खींचने वाली गर्मी का मौसम है। यही वजह है कि इस मौसम में जल सेवा करने की होड़ लग जाती है। लेकिन जलदाय विभाग इस जालिम गर्मी में भी अपनी ड्यूटी अच्छे से नहीं कर रहा है। जहां के लोग प्यासे को बिना किसी शुल्क और स्वार्थ के जल उपलब्ध करवाए, उसी देश में तनख्वाह लेकर कर्तव्य निभाने में भी जलदाय विभाग पीछे है। गंगाशहर के लोग जल की समस्या से बेहाल है, लेकिन नीचे से लेकर ऊपर तक कोई अधिकारी सुनवाई नहीं करता। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए आज बीजेपी शहर महामंत्री मोहन सुराणा व प्रवक्ता मनीष सोनी की अगुवाई में अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल का घेराव किया गया। सुराणा ने बताया कि गंगाशहर के हनुमान नगर व खारिया कुंआ क्षेत्र के लोग हर रोज परेशान हो रहे हैं। यहां तीन दिन में एक बार पानी आता है, लेकिन वह पीने के लिए ही पर्याप्त नहीं है। सुराणा के अनुसार इस समस्या से आमजन की सुनवाई न होने पर उन्होंने ने कई बार फोन कर दिए मगर विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। वहीं सोनी ने बताया कि विभाग की इस लापरवाही की वजह से गरीब को आर्थिक क्षति भी हो रही है। टैंकर का पानी मंगवाना बहुत मंहगा है। कोरोना संकट की वजह से आर्थिक रूप से टूट चुका आम आदमी अब खुद को लाचार महसूस करने लगा है। दीपक बंसल के घेराव के दौरान महिलाएं आक्रोशित हो गई। सुराणा व सोनी द्वारा उग्र आंदोलन की चेतावनी देने पर बसंल ने इसी माह नयी पाइप लाइन डलवाकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। वहीं सुराणा ने कहा है कि आश्वासन पर एक मौका दिया गया है, अगर समाधान नहीं हुआ तो लोग टंकी पर चढ़ेंगे। वहीं बीजेपी आमजन के साथ उग्र आंदोलन करेगी। घेराव के दौरान श्रवण सोनी, पवन शर्मा, मुकेश मीणा, दिलीप सिंह, धनराज शर्मा, विमल पारीक, महेंद्र, अमित, भंवरलाल शर्मा सहित महिलाएं मौजूद रहीं।
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
14 October 2021 10:50 PM