06 July 2026 11:18 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। एनर्जी ड्रिंक के नाम पर बिक रहे जहर को लेकर अब फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एफएसएसएआई जाग गया है। देशभर में एनर्जी ड्रिंक लिखे पेय पदार्थों को सीज किया जा रहा है।

नमूने भी लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग राजस्थान की आयुक्त डॉ टी. शुभ मंगला के निर्देशों पर बीकानेर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एनर्जी ड्रिंक स्टिंग व एड्रीनलीन रश पर कठोर एक्शन लिया है।
विभाग ने सोमवार को खारा रोड़ स्थित वरुण बेवरेजेज लिमिटेड के गोदाम में छापेमारी की। यहां से स्टिंग व एड्रीनलीन रश के सैंपल लिए गए। सैंपल जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
यहां से स्टिंग व एड्रीनलीन रश के कैन व बोतल मिलाकर कुल 28278 नग सीज किए गए हैं।
अधिकृत जानकारी के अनुसार किसी भी कैफीनेटेड बेवरेज अथवा पेय पदार्थ पर स्टीमूलेट्स माइंड, एनरर्जाइज बॉडीज, एनर्जी ड्रिंक, स्पोर्ट्स ड्रिंक इत्यादि लिखना भ्रामक प्रचार प्रसार की श्रेणी में आता है।
फूड सेफ्टी विभाग के नियमों के अनुसार ऐसा भ्रामक प्रचार करना गैर कानूनी है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में एफएसएसएआई द्वारा नामी बेवरेज ब्रांड्स को इस संबंध में नोटिस भी दिया गया है। कैफ़ीन की अधिक मात्रा वाले ये एनर्जी ड्रिंक गर्भवती महिलाओं, लेक्टेटिंग मदर तथा बच्चों के लिए हानिकारक होते हैं।
बीकानेर में हुई कार्रवाई को फूड इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार प्रजापत व राकेश गोदारा ने अंजाम दिया।
उल्लेखनीय है कि मार्केट में स्टिंग व एड्रीनलीन रश के अलावा रेड बुल, मोंस्टर, हेल, नॉन स्टॉप, प्रीडीटर, कैंपा एनर्जी ड्रिंक सहित कोको कोला का भी एनर्जी ड्रिंक आता है।
RELATED ARTICLES
08 November 2026 02:46 PM
19 July 2020 11:05 PM