29 April 2026 10:23 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। शुक्रवार को जेएनवीसी पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद जमानत पर छूटे बनवारी गाट को एसपी मृदुल कच्छावा की टीम ने धर दबोचा है। बनवारी गाट को पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्तौल के साथ पकड़ा है। यह कार्रवाई एसपी कच्छावा के निर्देशन में डीएसपी प्रभारी विश्वजीत सिंह, सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार व साईबर सैल के एएसआई दीपक यादव ने की है। पुलिस अब आरोपी बनवारी से पूछताछ कर हथियार के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस पता लगा रही है कि बनवारी यह पिस्तौल कहां से लाया। पुलिस को संदेह है कि आरोपी कोई वारदात करने की योजना में था।
-कौन है बनवारी : नापासर निवासी बनवारी गाट हिस्ट्रीशीटर रामस्वरूप का भाई है। दोनों की विजय गोदारा व विराट उर्फ इंद्रजीत से रंजिश चल रही है। सितंबर 2025 में दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई। जिसके बाद विराट ने रामस्वरूप, बनवारी आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया।
-पिता की हत्या के बाद दुश्मनी हुई गहरी: पुलिस सूत्रों के मुताबिक रामस्वरूप व बनवारी के पिता लक्ष्मण राम की कुछ वर्ष पहले हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप मुक्ताप्रसाद निवासी गोपाल जाखड़ व उसके साथियों पर था। गोपाल जाखड़ नापासर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वहीं जाखड़ गुट के विजय और विराट भी हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हैं। तब से दोनों पक्षों की दुश्मनी और गहरी हो गई। अब दोनों एक दूसरे के खून के प्यासे बताए जा रहे हैं।
-जेएनवीसी पुलिस से छूटते ही फिर थाम लिया हथियार: जयनारायण व्यास थानाधिकारी के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, एएसआई मुकेश मीणा व कांस्टेबल हरफूल ने शनिवार को ही बनवारी गाट को सितंबर 2025 में हुई मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया था। बनवारी के साथ मांगू सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जेएनवीसी में हुई गिरफ्तारी के तुरंत बाद बनवारी को जमानत मिल गई। जमानत मिलने के दो दिन में ही बनवारी को पिस्तौल के साथ फिर गिरफ्तार कर लिया गया है।
RELATED ARTICLES