11 May 2021 10:57 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोरोना का तांडव देखने के बाद भी आमजन सोशल डिस्टेंसिंग के महत्व को समझ नहीं रहा है। बाजारों व अस्पतालों में रोज कोरोना संक्रमण से बचाने वाले नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। वहीं भीड़ मैनेजमेंट में सिस्टम भी लगातार नाकाम हो रहा है। आज भी भुजिया बाजार स्थित दो नंबर राजकीय चिकित्सालय में डराने वाली भीड़ देखी गई। चिकित्सालय के अंदर का परिसर खचाखच भरा था। सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर की बात यहां लोग एक दूसरे के ऊपर गिर रहे थे। वैक्सीनेशन करवाने आए लोगों में धैर्य की भारी कमी देखी गई। यह नासमझी हर रोज अस्पतालों व बाजारों में देखने को मिल जाती है। यहीं से सर्वाधिक कोरोना फैल रहा है। हालांकि चिकित्सालय के बाहर होम गार्ड के दो जवान खड़े थे, लेकिन भीड़ प्रबंधन में नाकाम रहे। हमारे कैमरा पर्सन ने इस भीड़ का वीडियो बनाया। वीडियो देखकर ही खतरे का अहसास किया जा सकता है।
बता दें कि पुलिस भी केवल सड़कों पर वाहन रोकने का काम ही कर पा रही है। जबकि पुलिस बल की सर्वाधिक जरूरत बाजारों, वैक्सीनेशन व जांच सेंटरों पर है। बेलगाम जनता यहां हर रोज ऐसे ही कोरोना से सुरक्षा करने वाले नियमों की धज्जियां उड़ाकर जनजीवन को खतरे में डाल रही है। अगर जिला एसपी पुलिस को चालान की बजाय यहां ध्यान देने के आदेश दे तो परिणाम अच्छे आ सकते हैं। हम जिला पुलिस से अपील करते हैं कि सुबह 6 से 12 बजे तक बाजारों, वैक्सीनेशन सेंटर व जांच केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर भीड़ प्रबंधन पर ध्यान दे। देखें वीडियो
RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
14 August 2020 08:25 PM