23 October 2026 03:48 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। विश्व भर में बीकानेर की फजीहत करवा रही गंदगी से बीकानेर को छुटकारा दिलाने के लिए पार्षद प्रतिनिधि हेमंत कातेला ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी से बड़ी मांग की है। हेमंत गंगाशहर के वार्ड नंबर 28 की पार्षद लक्ष्मी देवी के प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने हर कहीं कचरा फैलाने वाले नागरिकों पर जुर्माना शुरू करने की मांग की है। दरअसल, बीकानेर में सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्या के पीछे जनता भी काफी हद तक जिम्मेदार है। जहां एक तरफ जनता का सिविक सेंस जीरो है वहीं दूसरी तरफ जनता इतनी भोली है कि बीकानेर की दुर्दशा को लेकर नेताओं से सवाल तक नहीं करती। जब तक जनता जागरुक नहीं होगी तब तक नेता कुछ नहीं करेंगे। वहीं जब तक प्रशासन पर नेताओं का दबाव नहीं होगा, प्रशासन भी आवश्यकता अनुसार काम नहीं करेगा।
बहरहाल, हेमंत ने आयुक्त से मिलकर लिखित में कई मांगे की है। हेमंत का कहना है कि राजस्थान नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 233 में स्पष्ट रूप से जुर्माने का प्रावधान किया गया है। जो नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाते हैं उन पर नियमानुसार चालान एवं जुर्माने की कार्यवाही की जा सकती है। जब तक जुर्माने का भय नहीं होगा, अनुशासन नहीं आएगा। हेमंत का कहना है कि बड़ी मुश्किल से सफाई करवाई जाती है मगर कुछ नागरिक बिना कुछ सोचे समझे कहीं पर भी कचरा फेंक देते हैं। सफाई व्यवस्था 24 घंटे संभव नहीं होती। ऐसे में जनता की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। हेमंत ने कहा कि इसके पीछे उनका कोई दुर्भाव नहीं है बल्कि जनता को साफ सुथरा वार्ड देने के लिए कुछ नियम बनाने पड़ेंगे।
कातेला ने यह भी मांग की है कि मुख्य बाजारों, सड़कों व गलियों में नियमित सफाई होनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय हो। अधिकारी व कर्मचारी लगातार सुपरविजन भी करे। जन जागरुक के लिए भी अभियान चलाया जाए।
कातेला ने आयुक्त से इस संबंध में त्वरित आदेश देने की अपील की है। साथ ही 28 अक्टूबर से शुरू होने वाला स्वच्छता अभियान वार्ड नंबर 28 से शुरू करने का आग्रह किया है।
RELATED ARTICLES
29 October 2026 10:28 PM
03 January 2022 06:10 PM