07 November 2022 04:33 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कार्निवल व उत्तरप्रदेश की सिक्यूरिटी एजेंसी आर एल रिलायबल द्वारा सिने मैजिक में काम कर रहे सिक्यूरिटी गार्ड सहित अन्य कर्मचारियों की सैलरी हजम करने का मामला सामने आया है। कार्निवल व रिलायबल से सैलरी पाने की लंबी जद्दोजहद के बाद अब मामला गंगाशहर थाने तक पहुंच चुका है। पीड़ित सिक्यूरिटी गार्ड दुर्गा देवी पत्नी अशोक गहलोत, असलम पुत्र सबीर, मांगी दास पुत्र भगवान दास व विरेन्द्र सिंह पुत्र नरपत सिंह ने मिलकर कार्निवल फिल्म सिनेमा प्राइवेट लिमिटेड व आर एस सर्विस रिलायबल के खिलाफ यह परिवाद दिया है।
पीड़ितों का कहना है कि एजेंसी ने उनकी करीब तीन माह की सैलरी हजम कर ली है। वे सभी गरीब कर्मचारी हैं। उनके लिए यह सैलरी बेहद महत्वपूर्ण है। सैलरी ना मिलने से उनका जीवन काफी प्रभावित हुआ है।
वहीं सूत्र ने बताया कि कोरोना काल में सिनेमा बिजनेस ठप हो गया था। सिने मैजिक के मालिकों ने कार्निवल को हॉल एक अनुबंध के तहत किराए पर दे रखा था। लेकिन कार्निवल द्वारा हॉल का बिजली बिल तक भी नहीं भरा गया। वहीं कार्निवल के डायरेक्ट कर्मचारियों व ठेकेदार एजेंसियों के कर्मचारियों को भी सैलरी नहीं दी गई। इस वजह से सिने मैजिक के मालिकों की साख खराब हो रही थी। हॉल के मालिकों ने कार्निवल से करार तोड़ दिया। ऐसे में उस समय के अंतिम तीन माह की सैलरी बकाया रह गई, जिसके लिए कार्निवल व आर एस रिलायबल उत्तरदाई है।
अब सिने मैजिक के मालिकों द्वारा ही हॉल चलाया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार स्थानीय सिपानी ग्रुप द्वारा समय पर सैलरी दी जाती है। लेकिन कार्निवल व रिलायबल इन गरीब कर्मचारियों की पीड़ा समझने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसे में अब कानून की शरण लेने के सिवा कोई रास्ता ही नहीं बचा है। मामले में पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता अनिल सोनी ने कहा कि आरोपी कंपनियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने हेतु परिवाद दिया गया है। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा।
RELATED ARTICLES
04 February 2026 04:59 PM
11 February 2022 12:35 PM
