14 October 2020 11:44 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गली में खेल रहे अनाज मंडी व्यापारी व समाजसेवी के मासूम पुत्र का अपहरण कर दो करोड़ फिरौती मांगी गई। पुलिस ने सूचना के साथ ही आरोपी को दबोचकर बच्चे को बचा लिया। मामला देशनोक थाना क्षेत्र का है। जहां अशोक कुमार मूंधड़ा का 13 वर्षीय पुत्र गली में खेल रहा था। इसी दौरान करीब छः बजे अज्ञात व्यक्ति बच्चे का अपहरण कर ले गया। अपहरणकर्ता ने बच्चे के परिजनों कौन फोन कर दो करोड़ की फिरौती की व्यवस्था करने को कहा। इस पर अशोक कुमार के बड़े भाई ओमप्रकाश मूंधड़ा ने देशनोक पुलिस थाने में घटना की सूचना दी। आरोपी बार बार फोन कर बच्चे को रूलाकर बात करवा रहा था। फिरौती की रकम को लेकर भी मोलभाव चलता रहा। अंत में पांच लाख की फिरौती पर सौदा तय हुआ। इस पर बच्चे के पिता अशोक कुमार को पांच लाख रुपए के साथ करणी माता की ओरण परिक्रमा मार्ग पर नरसिंह मोहता की प्याऊ के पास भेजा गया।
जहां आरोपी पांच लाख रुपए लेकर मोटरसाइकिल पर फरार होने लगा। थानाधिकारी अनोपसिंह ने पुलिस टीम के साथ पीछा कर आरोपी को दबोच लिया। वहीं बच्चा भी ओरण में मिल गया। आरोपी की पहचान भूपेश पुत्र गिरधारीदान चारण के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 364(क) व 365 भादंसं के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू की गई है। प्रथम दृष्टया आरोपी के पहले कहीं आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। वह बारहवीं कक्षा का छात्र है। अपराध की दुनिया में कदम रखने के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अशोक मूंधड़ा व ओमप्रकाश मूंधड़ा परिवार का बीकानेर अनाज मंडी में काम है। वहीं ये समाजसेवी है जिनका अपनाघर आश्रम चलता है। अशोक कुमार बीकानेर का आश्रम चलाते हैं वहीं ओमप्रकाश नोखा का आश्रम देखते हैं। इन्होंने 140 मकान भी गरीबों के लिए बनवाए हैं। मामले की जांच थानाधिकारी अनोपसिंह कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES
13 October 2026 03:09 PM
21 February 2026 09:12 PM