19 April 2022 04:01 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोपी पुलिस को चकमा देकर बीकानेर से गुजर रही ट्रेन से फरार हो गया। गनीमत रही कि बीकानेर की बीछवाल पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में वापिस पकड़ लिया। आरोपी का नाम कुशुंबी, जसवंतगढ़ जिला नागौर निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र भैरांराम चंदेलिया बताया जा रहा है। मामला सूरतगढ़, नागौर व बीकानेर से जुड़ा है।
दरअसल, 26 मार्च की रात आरोपी चंद्रप्रकाश सूरतगढ़ अपने ननिहाल आई युवती को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। 27 मार्च को युवती के परिजनों ने सूरतगढ़ सिटी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। मामले की जांच एएसआई राजकुमार को दी गई।
हाल ही में आरोपी बैंगलोर में ट्रैस आउट हुआ। इस पर एएसआई राजकुमार मय तीन पुलिसकर्मियों की टीम बैंगलोर रवाना हुई। पुलिस ने बैंगलोर में आरोपी को दबोचते हुए युवती को भी बरामद कर लिया। ट्रेन की टिकट कन्फर्म नहीं हुई थी, ऐसे में बिना सीट के ही पुलिस आरोपी व युवती को बैंगलोर से हमसफर ट्रेन से सूरतगढ़ के लिए लेकर रवाना हुई। आज जब ट्रेन बीकानेर से निकलकर कानासर पहुंची तभी आरोपी ने टॉयलेट जाने की इजाजत ली। टॉयलेट अंदर से बंद था, आरोपी खिड़की से बाहर कूदकर फरार हो गया। जब कुछ देर वह बाहर नहीं आया तो पुलिस ने टॉयलेट का दरवाजा खोला तो वह वहां नहीं मिला। बीछवाल पुलिस को सूचना दी गई। बीछवाल थानाधिकारी मनोज शर्मा के नेतृत्व में टीम ने तलाशी अभियान चलाया। आरोपी को कुछ ही घंटों में दबोच लिया गया।
सूरतगढ़ सिटी पुलिस के एएसआई राजकुमार के अनुसार आरोपी चंद्रप्रकाश पिछले दो तीन सालों से घर पर भी नहीं आता जाता। वह कभी चेन्नई, कभी बैंगलोर तो कभी हैदराबाद चला जाता है। आवारागर्दी करता है। नागौर निवासी युवती जब सूरतगढ़ अपने ननिहाल आई हुई थी तब वह उसे बहला फुसलाकर भगा ले गया था।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
12 February 2022 07:15 PM