07 September 2025 11:24 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर के बुकी या व्यापारी पर फायरिंग करने आए लॉरेंस गैंग के दो गुर्गों को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों की पहचान बज्जू निवासी श्रवण सिंह सोढ़ा पुत्र लक्ष्मण सिंह व खाजूवाला निवासी राजेश तरड पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है। दोनों से पांच देशी पिस्टल, एक मैगजीन व 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में एक कमरा लेकर रुके हुए थे। दोनों के खिलाफ पहले से 25-25 मुकदमें दर्ज हैं। दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। वहीं दोनों के खिलाफ 25-25 हजार का ईनाम भी घोषित था। पुलिस के अनुसार श्रवण सोढ़ा कुख्यात तस्कर है। वह गजनेर थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की गंभीर वारदात के मामले में थाने का वांछित था। वहीं राजेश खाजूवाला थाने का वांछित था। पिछले दिनों खाजूवाला में हथियारों सहित दो कुख्यात हथियार तस्कर पकड़े गए थे, इस मामले में भी ये दोनों वांछित हैं। पकड़े गए दोनों तस्कर भी इसी गैंग के सदस्य थे। हालांकि श्रवण सिंह का सोढ़ा गैंग नाम से भी एक गैंग चलता है। श्रवण सिंह गुजरात के गांधी नगर में भी अपहरण व फिरौती के मामले में वांछित है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल ये दोनों लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के संपर्क में थे। आरोपी बीकानेर शहर में बड़ी वारदात करने आए थे। हालांकि पुलिस को अभी तक टारगेट बुकी या व्यापारी का नाम नहीं पता चला है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को टारगेट का नाम आज मिलने वाला था, उससे पहली रात ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। बता दें कि इन वर्षों में बीकानेर के व्यापारी व बुकी इन गैंग्स का सॉफ्ट टारगेट बने हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर पुलिस की एक विशेष टीम लगातार गैंग्स मूवमेंट पर नज़र बनाए हुए रहती है। इसी वजह से आज एक बड़ी वारदात होने से पहले ही पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा। इसी विशेष टीम की आसूचना पर आईजी हेमंत शर्मा, एसपी कावेंद्र सिंह सागर लगातार मॉनिटरिंग कर टास्क टीम को निर्देश दे रहे थे।
एडिशनल एसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी, सीओ सदर आईपीएस विशाल जांगिड़, साईबर सेल प्रभारी एएसआई दीपक यादव व एमपी नगर थाने की विशेष टीम ने यह प्रोएक्टिव कार्रवाई की।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
04 December 2020 02:25 PM