26 October 2023 01:40 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर के राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही है। एक के बाद एक सड़क दुर्घटनाओं में ज़िन्दगी की लौ शांत हो रही है। देर रात ढ़ाई बजे कालू थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। एक मृतक की पहचान भटिंडा, पंजाब निवासी गुरतार सिंह पुत्र टेकसिंह के रूप में हुई है। वहीं दूसरे की पहचान अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार लूणकरणसर तहसील के सहजरासर गांव के पास भारतमाला रोड़ पर यह हादसा हुआ। भारतमाला बना रही कंपनी ने यहां वन वे कर रखा है, लेकिन कोई निर्देश बोर्ड भी नहीं लगा रखा। यहीं से एक ट्रक सूरतगढ़ की तरफ से आ रहा था, दूसरा बीकानेर की तरफ से जा रहा था। ट्रक घुमाते वक्त एक ट्रक दूसरे के अंदर घुस गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का ड्राईवर सीट सहित ट्रक के अंदर ही काफी पीछे खिसक गया। टाइगर फोर्स अध्यक्ष महिपाल सिंह के अनुसार ड्राईवर ट्रक में इस तरह फंस गया कि उसका शव निकालने में चार घंटे मशक्कत करनी पड़ी। दोनों ट्रकों के ड्राइवरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रकों में फंसे शवों को निकालने में टाइगर फोर्स के महिपाल सिंह राठौड़, राकेश मूंड, प्रभुनाथ, पवन मुद्गल तथा कालू थानाधिकारी लखवीर सिंह मय टीम की भूमिका रही। आरोप है कि भारतमाला सड़क के पैकेज 7 के ठेकेदारों द्वारा हाइड्रा की व्यवस्था नहीं होने के कारण शव निकालने में चार घंटे लग गए।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM