12 May 2020 04:28 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। लॉक डाउन में गैर जरूरी सेवाओं की श्रेणी में आने वाले व्यापार-धंधे बंद पड़े हैं। ऐसे में व्यापारियों को तो नुकसान हो ही रहा, बल्कि कहीं कहीं उपभोक्ता को भी परेशानी हो रही है। पावर बैकअप इंडस्ट्री भी ऐसी ही एक श्रेणी है जिसके बंद होने से किसान से लेकर हर व्यक्ति परेशान हो रहा है। यह वह श्रेणी है जो यूपीएस, बैटरी आदि की आपूर्ति करती है। बीकानेर यूपीएस एंड बैटरी ट्रेड एसोसिएशन ने कलेक्टर कुमार पाल गौतम को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत करवाया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष लूणियां ने बताया कि इस श्रेणी को जरूरी सेवाओं में शामिल न करने से व्यापार बंद है। नतीजतन, कृषि व्यवसाय में काम आने वाला ट्रैक्टर बैटरी के अभाव में चल नहीं पा रहा। पंखे-कूलर आदि आवश्यक सेवाएं हैं, लेकिन बिजली जाने पर बिना इन्वर्टर परेशानी होती है। इसी तरह स्वच्छ पानी के लिए वाटर प्यूरीफायर को तीन माह में सर्विस करना होता है, मगर वह भी नहीं हो पा रहा। वहीं बैटरी के अभाव में ज्यादातर हर जगह परेशानी पैदा हो रही है। लूणियां ने कहा कि आमजन भी हमसे सहयोग न करने की शिकायत करने लगा है, लेकिन बिना अनुमति हम कैसे सहयोग कर सकते हैं। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से इस व्यापार को अनुमत श्रेणी में शामिल करने की अपील की गई है।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 03:06 PM
25 December 2021 10:07 PM