26 October 2026 03:06 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर में नशेड़ियों, चोरों व लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। ऐसे लगता है जैसे अब ये लोग सिस्टम के हाथ से निकल चुके हैं। और फिर पुलिस भी तो नशेड़ियों व नशे के खिलाफ उतनी गंभीर नहीं है जितना गंभीर होकर काम करने की आवश्यकता है।

अपने टाइगर मृदुल कच्छावा के सख्त निर्देशों के बावजूद पुलिस थानों में जनता की पीड़ा के प्रति संवेदनशीलता की कमी नज़र आती है। ख़ासतौर पर नीचे के कर्मचारियों का व्यवहार उतना संतोषजनक नहीं रहता। जब तक एक एक पुलिसकर्मी संवेदनशील और जिम्मेदार नहीं होगा, ये अपराध रुकने नहीं है। शनिवार को तेलीवाड़ा के ट्रेंड्स हब में हुई वारदात के बाद भी यही सब बातें सामने आ रही है।

दरअसल, शनिवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने ट्रेंड्स हब में घुसकर गल्ले से 30 हजार नकद व 4-5 हजार का सामान चुरा लिया था। नयाशहर पुलिस को शिकायत दी गई। रात को दोनों बदमाश फिर आए और दुकानदार को जान से मारने की धमकी दे गये। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मोटरसाइकिल नंबर व आरोपियों का चेहरा भी कैमरे में कैद हो गया।
दुकानदार साहिल का कहना है कि नयाशहर पुलिस को शिकायत दी तो कोतवाली थाने भेजा। दोनों थानों में शिकायत देने व इधर-उधर चक्कर काटने के बाद नयाशहर पुलिस का फोन आया। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश की जिम्मेदारी परिवादी को ही दे दी। कहा गया कि दोनों रेल्वे स्टेशन पर दो दो व्यक्ति जाकर तलाश करो। जबकि पुलिस को बाइक के नंबर व सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवा दिए गए हैं। शिकायत भी अभी तक दर्ज नहीं की गई है। साहिल के अनुसार पुलिस ने कहा कि उनके पास एक ही काम नहीं है जो आरोपियों की तलाश करते फिरें।
बता दें कि पुलिस थानों में अक्सर इस तरह की बातें होती रहती है। जिस पुलिस विभाग का टाइगर भी एक एक फरियादी को सम्मानजनक तरीके से सुनता हो, उस विभाग के निचले स्तर पर ऐसी बातें होना, सवाल खड़े करता है। पुलिस को संवेदनशीलता के साथ काम करने की काफी आवश्यकता है। अब देखना यह है कि पुलिस इन दोनों बदमाशों को कितने समय में पकड़ पाती है।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 10:27 PM