26 October 2026 10:27 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर एसपी की जिला विशेष टीम यानी डीएसटी ने दो एमडी तस्करों को धरदबोचा है। आरोपियों की पहचान ठाकुर जी मंदिर के पास, तिलक नगर, जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय प्रियांशु पंवार पुत्र रामकिशन मेघवाल व पुरानी शिवबाड़ी रोड़, गली नंबर 10, पटेल नगर, जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय अमित राजपुरोहित पुत्र मदन गोपाल के रूप में हुई है। यह कार्रवाई डीएसटी के एएसआई रामकरण सिंह की आसूचना पर डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र पचार मय टीम ने नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार मय टीम की मदद से की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ शुरू की है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी 6 माह से एमडी की तस्करी कर रहे थे। दो हजार रूपए प्रति ग्राम मूल्य पर एमडी बेचते। हालांकि पकड़ में पहली बार आए, इसलिए आरोपियों के खिलाफ यह पहला मुकदमा दर्ज हुआ है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वह घड़सीसर के एक सप्लायर से एमडी लाते हैं। बता दें कि पुलिस ने आरोपियों की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर में एमडी का प्रचलन अत्यधिक बढ़ चुका है। ऐसे में एमडी की हर कार्रवाई महत्वपूर्ण है। एसपी मृदुल कच्छावा ने नशा तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन नीलकंठ चला रखा है। इसी के तहत नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। उक्त कार्रवाई में एएसआई रामकरण सिंह की विशेष भूमिका रही।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 10:27 PM