12 October 2021 12:10 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। खून को पानी बना देने वाले प्रतिबंधित व बेहद ख़तरनाक डोडा-पोस्त की तस्करी रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र से ये खतरनाक डोडा धड़ल्ले से बीकानेर व पंजाब की ओर सप्लाई हो रहा है। बीछवाल पुलिस ने आज ऐसे ही तीन तस्करों को डोडा पोस्त सहित दबोचा है। थानाधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान उन्हें सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिल सवार जैसलमेर बाईपास रोड़ होते हुए बीछवाल की तरफ आ रहे हैं। तीनों के पास अवैध डोडा है। शर्मा ने तिराहे पर जाकर नाकाबंदी की। इसी दौरान आए दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोक कर तलाशी ली गई। आरोपियों के पास 21 किलो डोडा मिला।

आरोपियों की पहचान सजनाणियों की ढ़ाणी घंटियाली भोजासर जोधपुर निवासी 23 वर्षीय अशोक महला पुत्र रामचंद्र राम विश्नोई, जैसला भोजासर जोधपुर निवासी 20 वर्षीय सुरेश खिलेरी पुत्र गणपतराम विश्नोई व सजनाणियों की ढ़ाणी भोजासर जोधपुर निवासी 23 वर्षीय मांगीलाल महला पुत्र प्रहलादराम विश्नोई के रूप में हुई है। आरोपी भोजासर से ही डोडा लाए थे। वे बीकानेर में ही किसी को डोडा सप्लाई करने वाले थे। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें व डोडा जब्त कर लिया है। वहीं आरोपियों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज को दी गई है। पूछताछ कर पता लगाया जाएगा कि वे डोडा किसे सप्लाई करने वाले थे व किससे खरीदकर लाए थे।उल्लेखनीय है कि कार्रवाई करने वाली मनोज शर्मा मय टीम में एएसआई पूरण सिंह, हैड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल मुनीराम, कांस्टेबल हरीश कुमार, कांस्टेबल राजाराम, कांस्टेबल गोमदराम व कांस्टेबल बिरजू सिंह शामिल थे।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
23 July 2020 03:25 PM