04 July 2024 12:37 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मंगलवार रात हुई करीब 75 लाख रूपए के सोने चांदी की लूट के मामले में नयाशहर पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चार अन्य से पूछताछ चल रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीनारायण सोनी, नारायण सोनी व विवेक सोनी के रूप में हुई है। वहीं आमिर बंगाली, राकेश जाट, मनोज जाट तथा दिनेश विश्नोई की गिरफ्तारी ख़बर लिखे जाने तक शेष थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लूट की वारदात के मास्टर माइंड लक्ष्मी नारायण, नारायण व विवेक थे। वहीं राकेश, मनोज व दिनेश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक इन सात लोगों की लूट में भूमिका स्पष्ट हो चुकी है। इसके अतिरिक्त भी कोई नाम सामने आ सकता है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात नयाशहर थाना क्षेत्र, चौखुंटी पुलिया निवासी मोहम्मद इमरान पुत्र मोहम्मद इशाद अपनी कोतवाली स्थित दुकान से घर जा रहा था। इसी दौरान बाबूलाल फाटक के पास स्कूटी में सवार होकर आए तीन बदमाशों ने इमरान से बंदूक की नोक पर लूट की। परिवादी के अनुसार लूटे गए बैग में 25 किलो चांदी के आइटम व 700 ग्राम सोने के आभूषण थे। हालांकि परिवादी सोने चांदी की शुद्धता की जांच का कार्य करता है लेकिन परिवादी ने पुलिस को बताया कि लूटा गया सोना चांदी उसका स्वयं का था।
बता दें कि 1 जुलाई से नया कानून लागू हो चुका है। ऐसे में पुलिस नये कानून को समझते हुए कार्रवाई कर रही है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
08 February 2025 10:27 PM