22 October 2022 06:52 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। राजस्थान पुलिस ने दीपावली पर डबल धमाका फ्री ऑफर लॉन्च किया है। प्रदेश में दीपावली की खुशियों पर किसी की काली करतूतों की छाया ना पड़े, इस उद्देश्य से यह ऑफर लॉन्च किया गया है। राजस्थान पुलिस ने सोशल मीडिया एकाउंट पर एक पोस्टर लॉन्च कर इस ऑफर की जानकारी दी है। पोस्टर में लिखा है 'सुनो...सुनो...सुनो.. राजस्थान पुलिस लाई है, दिवाली डबल धमाका.... सांप्रदायिक सौहार्द को जो पहुंचाएंगे नुकसान, वो पाएंगे हमारी खास खातिरदारी। घर से लेने गाड़ी आएगी, सीधे थाने लेकर जाएगी।' पोस्टर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किन लोगों को इस ऑफर का लाभ मिलेगा। पोस्टर के अनुसार 'भ्रामक ख़बरें फैलाने वाले, शांति भंग करने वाले व सौहार्द बिगाड़ने वाले' शरारती व आपराधिक तत्वों को हवालात की हवा खिलाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कुछ शरारती तत्व हर त्योहार पर सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर आमजन की खुशियों में खलल डालते हैं। ऐसे शरारती व आपराधिक तत्वों से आमजन को भी सावधान रहना चाहिए। किसी भी तरह की नफरत फ़ैलाने वाली या आपको बरगलाने वाली ख़बर अथवा सोशल मीडिया पोस्ट को अनदेखा करना चाहिए। ऐसी पोस्ट आपकी मानसिक व भौतिक खुशी को प्रभावित करती है। ख़बरमंडी न्यूज़ भी आपसे अपील करता है कि दीपावली की खुशियां सौहार्द पूर्ण तरीके से मनाएं। हर चेहरे पर मुस्कान बिखेरें। किसी प्रकार से किसी को नुक़सान ना पहुंचाएं। स्वयं भी सुरक्षित रहें, दूसरों की सुरक्षा का भी ख्याल रखें। आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।

RELATED ARTICLES
21 October 2026 01:33 PM
14 February 2026 04:29 PM