10 October 2023 10:40 PM


ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय बीकानेर में प्रतियोगिता परीक्षा में इतिहास की महत्ता विषय पर व्याख्यान माला का आयोजन मंगलवार को किया गया। इतिहास विभाग व एनएसएस की चारों ईकाईयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस व्याख्यान माला के मुख्य वक्ता इतिहास के नामचीन लेखक अरविंद भास्कर थे। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य प्रो नंदिता सिंघवी, इतिहास विभागाध्यक्ष सुनीता विश्नोई, डॉ अरविन्द भास्कर, इंद्रपाल विश्नोई, प्रेमाराम व गजेंद्र जाखड़ ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर की। भारत का स्वतंत्रता संग्राम, आधुनिक भारत का राष्ट्रीय आंदोलन, आधुनिक भारत जैसी पुस्तकों के लेखक डॉ अरविन्द ने अपने वक्तव्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में इतिहास के योगदान व पढ़ने के सूत्रों पर बात की। उन्होंने ऑनलाइन कक्षा की बजाय ऑफलाइन कक्षा पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक भारत में बच्चियों को स्वावलंबी बनाने के लिए कठिन शैक्षणिक परिश्रम करना होगा। तैयारी के दौरान सोशल मीडिया का पूर्ण परित्याग करना होगा।
प्राचार्य सिंघवी ने कहा कि मैंने चार बार यूपीएससी मैंस परीक्षा दी। मेरा विषय भी इतिहास रहा। उन्होंने कहा कि अध्ययन में एकाग्रता, नोट्स बनाने की आदत, छोटे छोटे सूत्र बनाकर स्मार्ट स्टडी में दक्षता हासिल की जा सकती है। सहायक आचार्य इंद्रपाल ने विद्यार्थियों को रूचिपरक अध्ययन के साथ आगे बढ़ने के सुझाव दिए। सहायक आचार्य प्रेमाराम ने ऑनलाइन एजुकेशन व सोशल मीडिया पर बात रखते हुए सफलता के सूत्र बताए। शोधार्थी गजेन्द्र ने दूसरे विषय के विद्यार्थियों को इतिहास में सफलता हासिल करने के तरीके बताए। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष सुनीता विश्नोई ने किया। एन एस एस प्रोग्राम अधिकारी डॉ विनोद कुमार, डॉ हिमांशु कांडपाल व डॉ अंजु सांगवा सहित इतिहास विभाग व अन्य विभागों की छात्राओं ने व्याख्यान माला में हिस्सा लिया।
RELATED ARTICLES
03 October 2026 11:17 AM
04 August 2024 04:03 PM