01 May 2020 12:13 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर जिला रेड जोन से ऑरेंज जोन में आ गया है। इस बीच नयी अफवाहों ने भी ज़ोर पकड़ लिया है। कुछ भी समझने से पहले जानते हैं रेड-ऑरेंज-ग्रीन जोन का कॉन्सेप्ट क्या है। किसी भी जगह जब अंतिम कोरोना मरीज़ आने के बाद चौदह दिन तक कोई नया मरीज़ नहीं आता है तो वह क्षेत्र ऑरेंज जोन में आ जाता है। इसी तरह जब 28 दिनों तक कोई नया मरीज़ ना आए, तो वह क्षेत्र ग्रीन जोन में आ जाता है। बीकानेर जिले में 18 अप्रेल की रिपोर्ट में अंतिम दो पॉजिटिव सामने आए थे। इन दोनों की जांच इससे करीब 36 घंटे पहले की गई थी। इसके बाद अब तक कोई भी नया पॉजिटिव नहीं आया है। बता दें कि इन दोनों में से एक महिला थी जो गंगाशहर पेट्रोल पंप के सामने लुहार बस्ती की निवासी है। वहीं दूसरा मरीज़ पांचू थाना क्षेत्र के देसलसर का युवक है। उल्लेखनीय है कि फिलहाल पूरा बीकानेर जिला ऑरेंज जोन में आ गया है। हालांकि यहां पांच क्षेत्र कर्फ्यू में हैं, जो तीन मई से खुलेंगे। सूत्रों के मुताबिक इन क्षेत्रों में लॉक डाउन की पालना कड़ाई से करवाई जाएगी। हालांकि कुछ क्षेत्रों के अब भी रेड जोन में होने की अफवाहें चल रही है, लेकिन बता दें कि बीकानेर का कोई क्षेत्र अब रेड जोन में नहीं हैं। वहीं अगले चौदह दिनों तक कोई नया पॉजिटिव नहीं आया तो हम ग्रीन जोन में आ जाएंगे। ख़बरमंडी न्यूज़ आपसे अपील करता है कि अगले चौदह दिनों तक सोशल डिस्टेंसिंग की पूर्ण पालना करें। वहीं जो लोग बाहर से आ रहे हैं उन पर नज़र रखें, अगर वह घर से बाहर निकलते हैं तो उन्हें समझाएं और फिर भी ना मानें तो पुलिस को शिकायत करें।
RELATED ARTICLES
07 November 2026 04:02 PM
28 March 2020 02:59 PM