23 September 2020 12:01 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। पिछले तीन दिनों से कोरोना पॉजिटिव आंकड़ें जयपुर से बीकानेर पहुंचते पहुंचते जबरदस्त तरीके से कम हो रहे हैं! यह ठीक वैसा ही जैसे तरल पदार्थ एक से दूसरे स्थान पर पहुंचते पहुंचते कम हो जाता है। चौंकिए मत, क्योंकि ये सच है। रविवार से राज्य सरकार के आदेश के बाद जिला वही कोरोना पॉजिटिव के आंकड़े बताता है जो राज्य से भेजा जाता है। रविवार को बीकानेर की लैब ने जयपुर को 160 पॉजिटिव का आंकड़ा भेजा, लेकिन यह जयपुर से घूम कर बीकानेर पहुंचा तब सिर्फ 56 रह गया। ऐसे में मीडिया द्वारा पब्लिक को 56 कोरोना पॉजिटिव ही बताए गए। कुछ ऐसा ही सोमवार को हुआ। वहीं आज यानी मंगलवार को जिले द्वारा अधिकृत रूप से 65 पॉजिटिव ही बताए गए।
जबकि दोपहर तक 157 व शाम को 30 पॉजिटिव आए, ऐसे में मंगलवार के कुल पॉजिटिव 190 हुए। सीएमएचओ डॉ बीएल मीणा से पूछा गया तो उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की। मीणा ने बताया कि उनके पास जयपुर से जो आंकड़े आए हैं, वही उन्होंने बताए हैं। वहीं प्रशासनिक प्रतिनिधि से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि रविवार से राज्य की ओर से आंकड़े भेजे जा रहे हैं, वही सीएमएचओ बता रहे हैं। अनाधिकृत रूप से तीन से आंकड़े अधिक प्राप्त हो रहे हैं, लेकिन अधिकृत रूप से कम बताए जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आंकड़े छुपाने के इस खेल का आज भंडाफोड़ तब हुआ जब छुपाए गए आंकड़ों की लिस्ट भी वायरल हो गई।
वहीं पिछले दो दिन लिस्ट उपलब्ध करवाना भी बंद कर दिया गया था। आंकड़े छुपाने के पीछे की मंशा तो फिलहाल पता नहीं चल पाई है लेकिन पॉजिटिव आंकड़े छुपाकर कोरोना के खतरे को बढ़ाया जा रहे है। अचानक पॉजिटिव आंकड़ों की कमी देखकर आमजन और अधिक लापरवाह होने लगा है। ऐसे में सच को छुपाना घातक हो सकता है। अब देखना यह है कि इस बड़े मुद्दे पर क्या एक्शन होता है, हाल फिलहाल जिला स्तर के प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। वहीं सीएमएचओ एक बात बार बार दोहरा रहे हैं कि उनके पास जो आंकड़े आते हैं वही वे बताते हैं।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 03:06 PM
22 February 2021 10:14 PM