09 February 2022 09:16 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। नोखा नगर पालिका पर लगा ग्रहण उतरने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर राज्य मानवाधिकार आयोग ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को नोखा पालिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र लिखा है। एडवोकेट विनायक चितलांगी व रवैल भारतीय ने बताया कि नोखा निवासी ने नोखा नगर पालिका की शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को की थी। आरोप है कि पालिका ने गोचर भूमि, एसटीपी, भूमि आवंटन सहित विभिन्न कार्यों में भ्रष्टाचार किया है। इससे नोखा निवासियों के मानवाधिकारों का हनन हो रहा है। इसे ध्यान रखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राज्य मानवाधिकार आयोग को निर्देश दिए। इन्हीं निर्देशों के अनुसरण में राज्य मानवाधिकार आयोग ने एसीबी को पालिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर भ्रष्टाचार की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि सीवरेज जल को बिना ट्रीटमेंट किए ही फैलाने के मुद्दे पर नोखा पालिका के खिलाफ लगातार एक्शन हो रहे हैं। इसी के तहत अब मामला विभिन्न कार्यों में भ्रष्टाचार किए जाने के आरोपों के साथ एसीबी तक पहुंच चुका है। अनुपचारित सीवरेज जल के फैलाव के मामले में एनजीटी द्वारा पालिका पर पचास लाख रूपए का जुर्माना लगाया जा चुका है। पालिका को यह जुर्माना भरना पड़ा। इसके बाद राज्य प्रदूषण बोर्ड ने सवा दो करोड़ का जुर्माना लगाया। यह मामला अभी लंबित है। वहीं करीब 22 लोगों ने 10-10 लाख के हर्जाने के लिए न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि आम जन के स्वास्थ्य व हितों से जुड़े इस मामले में नोखा पालिका की मुसीबतें अभी और बढ़ेंगी।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
29 November 2021 10:05 PM