05 July 2020 09:45 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोरोना मरीज़ों के गली मोहल्लों में लगे कर्फ्यू की पालना में कोताही का मामला सामने आया है। तीन दिनों से ऐसी शिकायतें मिल रही है कि कई कर्फ्यू ग्रस्त इलाकों में ना तो पुलिस की तैनाती है और ना ही रास्ते बंद किए गए हैं। अभी तक मिली सभी शिकायतें नयाशहर थाना क्षेत्र की है। बता दें कि इसी थाना में सबसे अधिक स्थानों पर कर्फ्यू है। बताया जा रहा है इस थाना क्षेत्र के करीब पचास अलग अलग स्थानों पर कर्फ्यू आदेश है। शिकायत मिली कि वार्ड नंबर 42 के पार्षद वाली गली में कर्फ्यू है मगर ना तो आने जाने के रास्ते बंद किए गए हैं और ना ही पुलिस तैनात है। हालांकि दो दिन पहले तक दोपहर में दो घंटे के लिए एक महिला पुलिसकर्मी आती थी, अब वह भी नहीं आती। ऐसी ही शिकायतें किराडू गली से मिली। यहां भी यही हालात हैं। कर्फ्यू की पालना करा पाना तो दूर नयाशहर पुलिस इन क्षेत्रों में तैनात तक नहीं रहती। शिकायतकर्ताओं के अनुसार पुलिस की तैनाती न होने से कई लोग खुले घूमते हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण और अधिक फैलने की आशंका है। उल्लेखनीय है कि टुकड़ों टुकड़ों में लगे कर्फ्यू से पुलिस भी बहुत परेशान हैं। लंबे समय से फील्ड में तैनात पुलिस पर बोझ कम करने के लिए टुकड़ों टुकड़ों में कर्फ्यू की जगह क्षेत्र विस्तार की जरूरत है। इसकी शिकायतें पूर्व कलेक्टर तक भी जा चुकी थी, लेकिन उचित निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में एक तरफ कर्फ्यू क्षेत्रों की संख्या व दूसरी तरफ लॉक डाउन में नगण्य हो रखे क्राइम का पुनः बढ़ना पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन चुका है। अब देखना यह है कि नये कलेक्टर नमित मेहता अपना प्रबंधन दिखा पाते हैं या ये उलझने पूर्व की भांति कायम रहती है।
RELATED ARTICLES
19 October 2026 12:28 PM
03 June 2020 12:48 PM